हर कोई सुबह के समय खिले-खिले चेहरे के साथ उठना चाहता है। लेकिन बिजी लाइफस्टाइल और नींद न पूरी होने के कारण सुबह के समय कुछ लोगों की आंखों पर सूजन और पफीनेस नजर आती है। कई बार तो चेहरे और आंखों पर इतनी सूजन आ जाती है कि मेकअप भी इसे छुपा नहीं पाता। आंखों पर सूजन आने के कई कारण होते हैं, जिनमें ठीक से न सो पाना, नींद पूरी न होना, थकान, आंखों की सतही बनावट शामिल हैं। हालांकि, घरेलू उपायों के जरिए भी आंखों के सूजन को कम किया जा सकता है।
चिल्ड चम्मच: इसके लिए 5 चम्मच को फ्रिजर में रख दें। फिर करीब एक मिनट बाद एक चम्मच निकालें और इसे उल्टी तरफ से अपनी आंखों पर रखें। ऐसा 20-30 सेकेंड तक करें। फिर इसी तरह दूसरी चम्मच निकालकर उसका उपयोग करें। इन पांचो चम्मच के इस्तेमाल से आपकी आंखों की सूजन दूर जाएगी और इससे आपको फ्रेश लुक भी मिलेगा।
टी-पैड्स: ग्रीन टी और ब्लैक टी बैग्स का उपयोग करने के बाद उन्हें फ्रिज में रख दें। आंखों की सूजन दूर करने के लिए इन टी-बैग्स को अपनी आंखों पर 5-10 मिनट के लिए रखकर लेट जाएं। इससे आपको तुरंत राहत मिल जाएगी। नियमित तौर पर इस नुस्खे के इस्तेमाल से आंखों के डार्क सर्कल्स भी दूर हो सकते हैं।
आइस क्यूब्स: आइस क्यूब्स आंखों की सूजन को दूर करने में बेहद ही कारगर है। इसके लिए आइस क्यूब को सूती रुमाल में लपेटकर अपनी आंखों के आसपास के हिस्से पर मसाज करें। इसका इस्तेमाल करने से आपकी आंखों की सूजन दूर हो सकती है।
कॉटन आई पैड: इसके लिए रूई से बने आई पैड को गुलाबजल में भिगोकर 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। बाद में इन्हें अपनी आंखों पर रखकर कुछ समय के लिए लेट जाएं। करीब 5 से 7 मिनट तक ऐसे ही रहें। इससे आपको काफी राहत मिलेगी। आप चाहें तो कॉटन पैड्स की जगह आलू का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके लिए आलू का स्लाइस काट लें। फिर इसे फ्रिज में ठंडा करके अपनी आंखों पर कुछ समय के लिए रखें। इससे आंखों की सूजन दूर हो सकती है।

