मां बनने के बाद हर महिला के शरीर में तमाम तरह के बदलाव आते हैं, जिनमें वजन का बहुत अधिक बढ़ जाना सबसे आम है। यही वजह है कि डिलीवरी बाद ज्यादातर महिलाओं की प्रियोरिटी जल्द से जल्द बढ़ते वजन पर काबू पाना होती है। अच्छी सेहत के लिए ऐसा करना जरूरी भी है। वहीं, अगर आप भी इन्हीं महिलाओं में से एक हैं, तो बता दें कि पोस्ट-प्रेगनेंसी वेट लॉस में नियमित तौर पर की गईं कुछ एक्सरसाइज बेहद कमाल के नतीजे दे सकती हैं। यहां हम आपको ऐसी ही 3 एक्सरसाइज के बारे में बता रहे हैं।

पोस्ट-प्रेगनेंसी वेटलॉस के लिए बेस्ट हैं ये एक्सरसाइज

वी-अप्स (V-ups)

वी-अप एक फुल बॉडी वर्कआउट है, जो आपके कोर, पैर, पीठ और कंधों पर काम करता है। इस एक्सरसाइज को पेट की चर्बी कम करने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। ऐसे में प्रेगनेंसी से अलग भी जो लोग मोटे-थुलथुले पेट से छुटकारा पाना चाहते हैं, वे नियमित तौर पर वी-अप्स का अभ्यास कर सकते हैं।

कैसे करें वी-अप्स?

  • इसके लिए सबसे पहले सपाट जमीन पर मैट बिछाकर कमर के बल सीधा लेट जाएं।
  • अपने दोनों हाथों को कानों से सटाते हुए पीछे की ओर ले जाएं और अपने दोनों पैरों को एक-दम सीधा जमीन पर रखें।
  • अब, एक गहरी सांस लेते हुए पैरों और हाथों को एक साथ हवा में उठाएं और कमर से जोर लगाते हुए ऊपर की ओर उठें। ऐसा करते हुए आपके केवल कुल्हे जमीन पर टीके होने चाहिए। इस तरह आपकी बॉडी V शेप में नजर आएगी। कुछ देर इस पॉजीशन में रुके और फिर वापस पीछे की ओर लेट जाएं।
  • इस एक्सरसाइज को शुरुआत में 20 बार 3-3 के सेट में करें।

प्लैंक (Plank)

प्लैंक करने से भी पेट की चर्बी को जल्द कम करने में मदद मिल सकती है। इससे कैलोरी तेजी से बर्न होती हैं, शरीर मजबूत बनता है और आपको एक बेहतरीन पोस्चर भी मिलता है।

कैसे करें प्लैंक?

  • प्लैंक करने के लिए सबसे पहले जमीन पर एक मैट बिछाकर पेट के बल लेट जाएं।
  • इसके बाद अपने पंजों और कोहनी के बल पर शरीर को ऊपर की तरफ उठाएं।
  • अब, अपने हाथों को कंधे के ठीक नीचे रखें और अपनी पूरी बॉडी को एक सीध में रखने की कोशिश करें।
  • इस दौरान पेट या कूल्हों को ना तो ज्यादा ऊपर उठाएं और ना ही ज्यादा अंदर करें, साथ ही सिर को भी न्यूट्रल रखें।
  • इस पोजीशन में आपको कम से कम 10 से 30 सेकंड तक रहना है। अगर आप एक मिनट तक होल्ड कर पाएं तो भी अच्छा रहेगा।

माउंटेन क्लाइंबर (Mountain climbers)

इन सब से अलग माउंटेन क्लाइंबर भी शरीर की चर्बी को कम कर आपको फैट से फिट बनाने में मददगार हो सकती है। हालांकि, शुरुआत में इस एक्सरसाइज को करना आपके लिए कुछ कठिन भी हो सकता है।

कैसे करें माउंटेन क्लाइंबर एक्सरसाइज?

  • इसके लिए सबसे पहले प्लैंक एक्सरसाइज की पोजिशन में आ जाएं। ध्यान रखें कि इस दौरान आपके हाथ और कंधे बराबर खुले हों और दोनों कलाई ठीक कंधों के नीचे हों।
  • इसके बाद अपने हाथ और पैरों पर शरीर का बराबर वजन डाल लें। इस दौरान आपकी पीठ सीधी, पेट की मसल्स टाइट और गर्दन नॉर्मल पोजिशन में होनी चाहिए।
  • अब, जितना हो सके, अपने दाएं घुटने को छाती की तरफ लेकर आएं और वापस पीछे की ओर ले जाएं।
  • अब, बाएं घुटने को छाती की तरफ लेकर आएं और फिर वापस पीछे की ओर ले जाएं।
  • इस प्रक्रिया को तेज-तेज ज्यादा से ज्यादा देर तक करने की कोशिश करें।
  • पूरी एक्सरसाइज के दौरान ढंग से सांस लेते रहें।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।