Places To Visit In Uttarakhand: गर्मी की छुट्टियों में कई लोग बाहर घूमने का प्लान बनाते हैं। ऐसे में अगर आप भी कहीं बाहर घूमने का प्लान कर रहे हैं, तो यह ट्रेवल आइडिया बहुत काम आने वाला है। यहां हम आपको एक ऐसे राज्य के बारे में बताएंगे, जहां आप गर्मी में भी ठंडा ठंडा कूल कूल महसूस करेंगे। यह दिल्ली से एकदम पास में भी है और यहां जाने के लिए अधिक पैसे भी खर्च नहीं होते हैं।
जी हां, हम बात कर रहे हैं उत्तराखंड की। आप यहां दिल्ली के अलावा कई और जगहों से आसानी से पहुंच सकते हैं। यहां आप जाकर पहाड़ों पर चढ़ सकते हैं और राफ्टिंग, झरना इत्यादि कई चीजों का भी आनंद ले सकते हैं। उत्तराखंड में एक ऐसी जगह भी है, जिसे भारत का ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ भी कहा जाता है।
उत्तराखंड में घूमने के लिए टॉप 7 प्लेसेस
औली- Auli
गर्मियों में घूमने वाली लिस्ट में औली सबसे ऊपर है। ये ऐसी जगह है जहां हर किसी को गर्मियों में एक बार जरूर आना चाहिए। दरअसल, भारत के कई हिस्सों में जब भीषण गर्मी रहती है, तो औली में ठंडक पड़ती है। आप यहां पर आकर बर्फ से ढकी चोटियों और लुभावने प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकते हैं। औली आकर आप कई तरह के एडवेंचर भी कर पाएंगे।
औली कैसे पहुंचे?
औली आप आसानी से पहुंच सकते हैं। यह दिल्ली से अधिक दूर नहीं है। दिल्ली से इसकी दूरी करीब 500 किलोमीटर ही है। औली जाने के लिए आपके पास 2 ऑप्शन है। पहला तो आप हरिद्वार जाएं जो कि जहां से ये 285 किलोमीटर दूर है। दूसरा, आप देहरादून जाएं जहां से 280 किलोमीटर की दूरी पर है। इन दोनों जगहों से आप औली के लिए टैक्सी ले सकते हैं
मसूरी- Mussoorie
मसूरी को पहाड़ों की रानी के नाम से भी जाना जाता है। यह उत्तराखंड का सबसे फेमस हिल स्टेशन है। यहां गर्मियों में भी मौसम काफी सुहाना होता है और अधिक भीड़ भी नहीं होती है। यहां आप पहाड़ों के बीच स्थित केम्पटी फॉल्स को भी देख सकते हैं। आप गन हिल से पूरे शहर और हिमालय की चोटियों का नजारा भी देख सकते हैं।
दिल्ली से कैसे पहुंचे मसूरी?
अगर आप दिल्ली से मसूरी पहुंचना चाहते हैं तो आपको सबसे पहले देहरादून जाना होगा। यहां से आप स्कूटी को रेंट पर लेकर या फिर कैब बुक कर आसानी से मसूरी पहुंच सकते हैं।
नैनीताल- Nainital
नैनीताल को झीलों की नगरी भी कहा जाता है। यहां आकर आप बोटिंग और राफ्टिंग का भी आनंद ले सकते हैं। हिमालय की गोद में बसा ये खूबसूरत हिल स्टेशन झीलों, पहाड़ियों और ठंडे मौसम के लिए प्रसिद्ध है। नैनीताल की पहचान नैनी झील में आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। यहां सबसे पास में काठगोदाम रेलवे स्टेशन है, जहां आप देश के अलग-अलग हिस्सों से आसानी से पहुंच सकते हैं।
दिल्ली से कैसे पहुंचे नैनीताल?
दिल्ली से नैनीताल जाने के लिए आप सड़क, रेल या हवाई मार्ग का चयन कर सकते हैं। अगर आप ट्रेन से नैनीताल जाना चाहते हैं तो यहां का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन काठगोदाम है। यहां पहुंचकर आप टैक्सी या फिर शेयरिंग जीप भी ले सकते हैं।
ऋषिकेश- Rishikesh
ऋषिकेश आध्यात्म, एडवेंचर और प्राकृतिक सौंदर्य तीनों के लिए एकदम परफेक्ट है। इसे भारत की योग राजधानी भी कहा जाता है। आप ऋषिकेश में ठंडी गंगा की धारा के साथ-साथ हरियाली का भी आनंद ले सकते हैं। यहां आकर आप राफ्टिंग के अलावा योग और ध्यान भी कर सकते हैं। सूरज ढलते समय आप गंगा आरती का दिव्य अनुभव भी कर पाएंगे।
ऋषिकेश कैसे जाएं?
ऋषिकेश आप वायुमार्ग, रेलमार्ग और सड़क मार्ग तीनों माध्यम से पहुंच सकते हैं। एयरवे के लिए देहरादून के पास जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। यहां से ऋषिकेश की दूरी सिर्फ 20 किलोमीटर है। वहीं रेल मार्ग के लिए आप सीधे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं। अगर आप सड़क मार्ग से ऋषिकेश जा रहे हैं, तो दिल्ली से कई बसें सीधे ऋषिकेश जाती हैं, जो करीब 5-7 घंटे का समय लेती हैं।
चोपता- Chopta
चोपता को ‘भारत का मिनी स्विट्जरलैंड’ कहा जाता है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मौजूद चोपता में आप ट्रेकिंग और कैंपिंग भी कर सकते हैं। तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रेक मुख्य आकर्षण के केंद्र हैं, जहां से आप हिमालय की ऊंची चोटियों का अद्भुत नजारा देख सकते हैं। यहां आकर आप दुनिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तुंगनाथ महादेव मंदिर का दर्शन भी कर सकते हैं।
बद्रीनाथ- Badrinath
गर्मी के मौसम में बद्रीनाथ जाना काफी बेस्ट होता है। बद्रीनाथ जी चारधाम में से एक हैं, जहां आप आकर न सिर्फ धार्मिक यात्रा कर पाएंगे, बल्कि यहां के खूबसूरत नजारों का भी आनंद ले पाएंगे। मई-जून के बीच बद्रीनाथ का मौसम बहुत सुहावना होता है। इसी समय मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुलते हैं। गर्मी के मौसम में यहां का तापमान 10 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है।
कैसे पहुंचे बद्रीनाथ?
बद्रीनाथ पहुंचने के लिए आपको सबसे पहले हरिद्वार या ऋषिकेश पहुंचना होगा। यहां से आप टैक्सी या बस से जोशीमठ के रास्ते बद्रीनाथ पहुंच सकते हैं। अगर आप हवाई मार्ग से यहां पहुंचना चाहते हैं तो देहरादून जॉली ग्रांट हवाई अड्डा पहुंच सकते हैं।
कौसानी- Kausani
गर्मी में घूमने के लिए कौसानी सबसे बढ़िया जगह है। गर्मी के मौसम में जहां देश के कई हिस्सों में तापमान आसमान को छूता है, वहीं यहां का मौसम एकदम शांत और ठंडा होता है। यहां से आप त्रिशूल पर्वत, नंदा देवी और पंचाचूली जैसी हिमालय की चोटियों को देख सकते हैं। आगे पढ़िएः केले को ताजा रखने के लिए अपनाएं ये 7 उपाय