Stretch marks: त्वचा पर दाग-धब्बों व दानों के अलावा स्ट्रेच मार्क्स की परेशानी भी आम होती है। गर्भावस्था के दौरान या बाद में स्ट्रेच मार्क्स महिलाओं की परेशानी बढ़ा सकती है। हालांकि, ये निशान केवल महिलाओं के ही नहीं, पुरुषों के शरीर पर भी नजर आने लगते हैं। वजन ज्यादा कम या बढ़ने पर ये समस्या बढ़ सकती है। इनसे छुटकारा पाने के लिए अक्सर लोग स्ट्रेच मार्क क्रीम्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, इन उत्पादों में केमिकल भी मौजूद होते हैं जो त्वचा के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं। ऐसे में घरेलू उपायों का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है। त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार घर पर बना ये मसाज ऑयल स्ट्रेच मार्क्स कम करने में कारगर है।

इन चीजों की होगी जरूरत: घर में अगर कुछ जरूरी चीजें मौजूद होंगी तो इस तेल को बनाना आसान हो जाता है। इन चीजों की होगी आवश्यकता –

विटामिन ई या फिर विटामिन ई कैप्सूल्स
जोजोबा ऑयल
लैवेंडर एसेंशियल ऑयल
शीया बटर या कोकोआ बटर
तेल को रखने के लिए एक जार

ऐसे बनाएं तेल: एक बर्तन में जोजोबा तेल डालें फिर इसमें एक चम्मच विटामिन ई ऑयल डालें। आप चाहें तो इसमें 3 विटामिन ई कैप्सूल से निकले लिक्विड एक्स्ट्रैक्ट को डालें। अब इस बर्तन को 15 सेकेंड के लिए माइक्रोवेव कर लेंऔर फिर दोनों ही ऑयल्स को मिला लें। अब इसमें शीया बटर और कोकोआ बटर डालें और फिर से इसे तब तक गर्म करें जब तक सभी चीजें ठीक से मिल नहीं जाती हैं।

सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसे ठंडा होने के लिए रख दें। अब इसमें 8 से 10 बूंद लैवेंडर एसेंशियल ऑयल डालें और हल्के हाथों से मिलाएं।  इससे बेहतर परिणाम पाने के लिए दिन में दो बार इस तेल का उपयोग करें। त्वचा विशेषज्ञों के अनुसार दो सप्ताह तक इस तेल को यूज करने से असर दिखना शुरू हो जाएगा।

ये है इस्तेमाल करने का तरीका: इस मसाज ऑयल का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। जिन प्रभावित हिस्सों में स्ट्रेच मार्क्स की परेशानी है, वहां अपने हाथों में थोड़ा सा तेल लगाकर मालिश करें। इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि मालिश हल्के हाथों से ही करना चाहिए। प्रेग्नेंसी के बाद पेट पर आए इन निशानों को हटाने में ये तेल कारगर है। कूल्हे और जांघ के हिस्सों में भी अगर स्ट्रेच मार्क्स हैं तो वहां भी इस तेल का इस्तेमाल करें। लेकिन स्तन व उसके आसपास के हिस्सों में लगाने से बचें। खासकर अगर महिलाएं स्तनपान कराती हों, तो इसका उपयोग करने से बचें।