बिहार के इस विधानसभा चुनाव से कई जाने पहचाने चेहरे नज़र नहीं आ रहे। शरद यादव चुनावी मैदान से नदारद हैं, वहीं चुनाव से ठीक पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन हो गया। पर बिहार के कई दिग्गज नेताओं के राजनीतिक वारिस इस बार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। लंबे समय तक पटना साहिब से भाजपा के सांसद रहे बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव मधेपुरा जिले की बिहारीगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

लव सिन्हा –पटना की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा के पास 17 करोड़ रूपए की चल-अचल संपत्ति है। इसके अलावा लव के बैंक खातों में 28 लाख रुपए भी जमा हैं। लव सिन्हा के पास 2.20 लाखों रुपए की नकदी भी है। 39 वर्षीय लव सिन्हा ग्रेजुएटेड हैं। उन्होंने स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन, वेबस्टर यूनिवर्सिटी मिसौरी से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है।

चुनावी हलफनामे के मुताबिक, लव सिन्हा पर कोई कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। लव सिन्हा के पास एक इको स्पोर्ट्स कार भी है।बांकीपुर विधानसभा सीट पर लव सिन्हा की राह आसान नजर नहीं आ रही। बांकीपुर विधानसभा सीट पर लव सिन्हा का चुनावी मुकाबला भाजपा के नितिन नवीन और पुष्पम प्रिया चौधरी से है।

 

सुभाषिनी यादव – मधेपुरा जिले की बिहारीगंज विधानसभा सीट से शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव चुनाव लड़ रही हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशी सुभाषिनी यादव और उनके पति राजकमल राव पर लगभग 7.6 करोड रुपए की चल-अचल संपत्ति है। सुभाषिनी यादव और उनके पति के पास 33 लाख रुपए की ज्वैलरी भी है।

इसके अलावा सुभाषिनी यादव के पास  इनोवा क्रेस्टा और टोयोटा फॉर्च्यूनर कार भी है। उनके पास हरियाणा के गुरुग्राम में दो घर हैं वहीं उनके पति राजकमल राव के नाम पर हरियाणा में कृषि जमीन है। सुभाषिनी यादव और उनके पति पर ‌18.95 लाख रुपए की देनदारी भी है।बिहारीगंज विधानसभा सीट पर सुभाषिनी यादव का मुकाबला जेडीयू के मौजूदा विधायक निरंजन कुमार मेहता और लोक जनशक्ति पार्टी के विजय कुमार सिंह से है।