Babita Ji Aka Munmun Dutta: टेलीविजन पर आने वाले धारावाहिकों में दर्शकों के पसंदीदा सीरियल्स में से एक है ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’। इसके सभी किरदार अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। जेठालाल और दयाबेन की खट्टी-मीठी नोकझोक के साथ ही जेठा और बबीता जी की प्यार भरी बातें भी लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आती है। सीरियल में बबीता जी का किरदार निभा रही हैं मुनमुन दत्ता। आइए जानते हैं उनसे जुड़ी खास बातें –
दिलीप जोशी ने सुझाया था नाम: जेठालाल के साथ बबीता जी की केमेस्ट्री को खासा पसंद किया जाता है। साल 2008 में जब ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की शुरुआत हुई थी, तभी से मुनमुन दत्ता इस सीरियल का हिस्सा हैं। खबरों के अनुसार शो के मेकर्स को दिलीप जोशी ने ही बबीता जी के किरदार के लिए मुनमुन दत्ता का नाम सुझाया था।
मॉडलिंग से की शुरुआत: खबरों की मानें तो मुनमुन ने पुणे में रहते हुए मॉडलिंग में भी हाथ आजमाया था। मुनमुन शो में जितनी स्टाइलिश नजर आती हैं, असल जिंदगी में उससे कहीं ज्यादा फैशनेबल भी हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार मॉडलिंग के अपने करियर में मुनमुन दत्ता काफी फेमस हुईं। पुणे एक फैशन शो में सफलता प्राप्त करने के बाद उन्होंने साल 2004 में मुंबई का रुख किया। उनके एक्टिंग करियर की शुरुआत ज़ी टीवी के सीरियल ‘हम सब बाराती’ में ‘मीठी’ के किरदार से हुई।
फिल्मों में भी कर चुकी हैं काम: मुनमुन दत्ता ने बड़े पर्दे पर भी अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा है। मुनमुन ने फिल्म ‘मुंबई एक्सप्रेस’ में हासन और मनीषा कोइराला के साथ स्क्रीन शेयर किया है। इसके अलावा, उन्होंने 2005 में आई फिल्म हॉलिडे में भी काम किया है। इस फिल्म में उनके साथ डीनो मोरिया और गुलशन ग्रोवर भी दिखे थे। इस फिल्म को पूजा भट्ट ने डायरेक्ट किया था।
सामाजिक कार्यों में हैं आगे: खबरों के अनुसार मुनमुन दत्ता सामाजिक कार्यों में भी आगे रहती हैं। वह बाल शिक्षा का पुरजोर समर्थन करती हैं। इतना ही नहीं, वह अपने घर के कामों में सहायता करने वाली की बेटी की पढ़ाई में भी मदद करती हैं। इसके अलावा, सड़क पर विचरने वाले कुत्तों यानी स्ट्रीट डॉग के भले के लिए भी काम करती हैं।
कितनी लेती हैं फीस: खबरों के अनुसार मुनमुन दत्ता तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बबीता जी के किरदार को निभाने के लिए प्रत्येक एपिसोड के 35 से 50 हजार तक चार्ज करती हैं।