रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया और दुनिया के 10 सबसे अमीर उद्योगपतियों में से एक मुकेश अंबानी अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। कभी अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर तो कभी अपने साधारण व्यक्तित्व को लेकर मुकेश अंबानी खबरों में छाए रहते हैं। हालांकि, बचपन से ही मुकेश अंबानी की जिंदगी का मकसद पैसे कमाना नहीं बल्कि कुछ और था।

मुकेश अंबानी की जिंदगी का था ये मकसद: इस बात का खुलासा मुकेश अंबानी ने एक इंटरव्यू के दौरान किया था। दरअसल, मुकेश अंबानी का कहना है कि उनका मकसद हमेशा से ही ज्यादा-से-ज्यादा पैसे कमाना नहीं बल्कि चैलेंज लेना रहा है। मुकेश अंबानी को शुरुआत से ही पढ़ने-लिखने का काफी शौक था। वह पढ़ने के इतने शौकीन थे कि रात को कभी-कभार उन्हें पढ़ते-पढ़ते 2 बज जाते थे। उन्हें विज्ञान और टेक्नोलॉजी में काफी रूचि थी।

फिल्म देखकर जागी थी मुकेश अंबानी को इंजीनियरिंग करने की इच्छा: मुकेश अंबानी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘द ग्रेजुएट’ फिल्म देखकर उनके मन में केमिकल इंजीनियरिंग करने की इच्छा जागी थी। उस समय यह फिल्म काफी लोकप्रिय हुई थी। मुकेश अंबानी का सलेक्शन आईआईटी बॉम्बे में भी हो गया था, हालांकि, यह छोड़कर उन्होंने केमिकल इंजीनियरिंग इंस्टिट्यूट, यूडीसीटी में एडमिशन ले लिया था।

मुकेश अंबानी को साउथ इंडियन खाना है बहुत पसंद: एक इंटरव्यू के दौरान मुकेश अंबानी ने खुलासा किया था कि मुझे साउथ इंडियन खाना बेहद ही पसंद है। मुकेश अंबानी को मुंबई के माटुंगा में मैसूर कैफे का इडली-सांभर बेहद ही पसंद है।

नीता के साथ शादी की हुई थी बहुत चर्चा: मुकेश अंबानी और नीता अंबानी की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। एक कार्यक्रम के दौरान धीरूभाई अंबानी और कोकिलाबेन ने नीता को देखा था। नीता को देखते ही धीरूभाई अंबानी ने मुकेश के लिए उन्हें चुन लिया था।

एक मिडिल क्लास परिवार से संबंध रखने वाली नीता के लिए यह सब किसी सपने से कम नहीं था। दोनों परिवार की रजामंदी से मुकेश और नीता शादी के बंधन में बंध गए थे। हालांकि, शादी के बाद भी नीता अंबानी ने पढ़ाना जारी रखा। शादी के बाद नीता एक स्कूल में पढ़ाया करती थी, इस बात की जानकारी नीता ने खुद दी थी।