मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में से एक हैं। ताजा रिपोर्ट्स में कुल संपत्ति लगभग 92.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी गई है। मुकेश अपनी लैविश लाइफस्टाइल के लिए भी चर्चित हैं, मसलन- वह अपने प्राइवेट जेट में ही सफर करते हैं। उनके 27 मंजिला घर ‘एंटीलिया’ की अनुमानित कीमत 2.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी गई है।
हाल ही में मुकेश अंबानी के एक और कदम ने लोगों का ध्यान खींचा। दरअसल, उन्होंने जैतून के दो दुर्लभ पेड़ों पर 100,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक खर्च कर डाले। इन्हें आंध्र प्रदेश की एक नर्सरी में विकसित किया गया है। सालों पुराने जैतून के पेड़ (ओलिया यूरोपिया) को लगभग तीन साल पहले स्पेन से आंध्र प्रदेश के गौतमी नर्सरी में लाया गया था।
स्पेन से किया गया है आयात: नर्सरी के एक मालिक मार्गानी ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले स्पेन से इन पेड़ों को आयात किया था। जिसके बाद स्थानीय वातावरण के अनुकूल होने के लिए इसे नर्सरी में रखा गया था। काफी देखभाल की गई। बाद में रिलायंस के कर्मी इन्हें अपने साथ ले गए।
200 वर्ष पुराने हैं: टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक जैतून के ये दोनों दुर्लभ पेड़ 170 से 200 साल पुराने हैं। इन्हें अंबानी के अनुरोध पर स्पेन से आयात किया गया था और अब उनके जामनगर एस्टेट में लैंडस्केप गार्डन में लगाए गए हैं। यह वही स्थान है जहां उनके पोते पृथ्वी आकाश अंबानी के जन्मदिन की पार्टी का भव्य तरीके से आयोजन हुआ था।
5 दिन का सफर: बताया जा रहा है कि ये पेड़ गुजरात के जामनगर में स्थित अंबानी के घर के गार्डेन में लगाए गए हैं। इस दौरान इन ट्रकों को पांच दिन का सफर करना पड़ा। पेड़ों को लाने में खर्च पर ऐसे तो नर्सरी ने कुछ नहीं बताया लेकिन साउथ चाइना मॉर्निग पोस्ट ने अपनी एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है कि अंबानी ने इन दो जैतून के पेड़ों पर लगभग 85 लाख रुपये खर्च किए हैं। गौतमी नर्सरी के मालिक ने बताया था कि पेड़ पुराने हैं और बड़े पॉलीथिन बैग में रखे गए हैं। इसे ले जाते समय ट्रक की अधिकतम स्पीड 30 किमी से अधिक नहीं होनी चाहिए।
लन्दन में शिफ्ट होने की अफवाह: हाल ही में कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा था कि मुकेश अंबानी परिवार के साथ लंदन में शिफ्ट होने की योजना बना रहे हैं। जिसके बाद रिलायंस इंडस्ट्री लिमिटेड (RIL) ने इस खबर को बेबुनियाद बताया था। कंपनी की तरफ से ये स्पष्टीकरण उस वक्त आया, जब मीडिया में ये दावा किया जा रहा था कि मुकेश अंबानी इंग्लैंड की राजधानी में दूसरा घर बसा रहे हैं और उनकी जरूरतों के मुताबिक उसमें बदलाव भी किया जा रहा है। हालांकि रिलायंस की तरफ से बयान जारी कर इन खबरों का खंडन किया गया था।