MS Dhoni Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिह धोनी के मोटर साइकिल प्रेम से लगभग हर कोई वाकिफ है। आम से लेकर खास, हर तरह की बाइक्स का कलेक्शन रखने वाले धोनी कई बार सड़कों पर बाइक राइड करते हुए नजर आए हैं। केवल बाइक ही नहीं बल्कि धोनी को गाड़ियों का भी बेहद शौक है। हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि 1 करोड़ की हमर के मालिक धोनी ने पहली बार अपने लिए एक सेकेंड हैंड यामाहा आरएक्स 100 (Yamaha Rx100 ) खरीदी थी। वहीं, आज उनके पास करीब 100 के अधिक मोटर साइकिल है। आज यानि कि 7 जुलाई को महेंद्र सिंह धोनी अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। आइए इस मौके पर जानते हैं उनके गैराज में किन मोटरसाइकिल्स और गाड़ियों को मिली है जगह-

आरएक्स 100 से लेकर कावासाकी निंजा तक का सफर: बाइक्स को लेकर पूर्व कप्तान के क्रेज से तो हर कोई परिचित है। विंटेज, एक्जॉटिक, सुपर बाइक्स और स्पोर्ट्स बाइक जैसे मोटर साइकल्स उनके गराज की शोभा बढ़ाते हैं। यामाहा की राजदूत धोनी की पहली बाइक थी। इसके बाद कॉन्फेडरेट X132 हैलकेट, कावासाकी निंजा, हार्ले डेविडसन, रॉयल एनफील्ड, डुकाटी 1098 और टीवीएस अपाचे जैसी मोटर साइकिल्स भी हैं उनके पास। बता दें कि हेलकैट दुनिया की सबसे रेयर बाइक्स में से एक है। इसकी कीमत लगभग 50 लाख के करीब है। कावासाकी निंजा के शुरुआती ग्राहकों में से एक हैं महेंद्र सिंह धोनी।

गाड़ियों का भी है क्लासिक कलेक्शन: धोनी के पास 1 करोड़ की हमर के अलावा भी कई और बड़ी-बड़ी गाड़ियां हैं। निसान जोंगा को उन्होंने अपने हिसाब से मॉडिफाई कराया है। बता दें कि निसान इस एसयूवी का प्रॉडक्शन विशेष रूप से भारतीय सेना के लिए साल 1999 तक करता था।

इसके अलावा, जीप ग्रैंड चेरोकी ट्रैकहॉक भी धोनी के कार कलेक्शन में शामिल है। भारत में इस गाड़ी के सबसे पहले ग्राहक धोनी ही बने। वहीं, धोनी के गराज में लैंड रोवर फ्रीलैंडर 2 नाम की गाड़ी भी है। कई बार धोनी को इस गाड़ी से घूमते हुए देखा गया है। धोनी के पास ऑडी क्यू7 भी है।

इतनी है कुल संपत्ति: धोनी एक नहीं बल्कि 3-3 अंतर्राष्ट्रीय ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान हैं। क्रिकेट के अलावा कई विज्ञापन, अनुबंध और दूसरे बिजनेस डील से भी उन्होंने करार किया हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धोनी की कुल आय लगभग 150 मिलियन के करीब है। ये क्रिकेटर रांची स्थित हॉकी क्लब रांची रेज के सह-मालिक हैं और चेन्नई स्थित फुटबॉल क्लब- चेन्नई एफसी के भी मालिक हैं। इसके अलावा, वह झारखंड में होटल माही रेजिडेंसी के मालिक है और स्पोर्ट्सफिट नाम से उनके कई जिम है।