Shatrughan and Poonam Sinha love life: प्यार एक ऐसी भावना है जिसको इंसान चाह कर के भी नहीं छिपा सकता है और जब आप एक ऐसे इंडस्ट्री में हैं जो ग्लैमर से घिरा हुआ है तो आप चाह कर भी उसके स्पार्क से नहीं बच सकते हैं। ऐसा ही कुछ हुआ फिल्म जगत के बेहतरीन एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा के साथ। किस प्रकार वह अपनी जीवन साथी पूनम सिन्हा से मिले और उनकी प्रेम कहानी कैसे शुरू हुई थी। इनकी लव स्टोरी काफी दिलचस्प है और बॉलीवुड की फिल्मी कहांनियों की तरह ही इनकी पहली मुलाकात काफी अलग थी।
‘शॉटगन’ सिन्हा का पूनम चंदीरामनी के साथ प्रेम प्रसंग किसी बेस्टसेलर नॉवेल से कम नहीं है। शत्रुघ्न सिन्हा ने पूनम के लिए सबसे पहले अपने प्यार को तब महसूस किया जब वह ट्रेन में जा रहे थे और पूनम को उसी ट्रेन में यात्रा करते देखा। जहां पूनम अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर अपने घर वापस जा रही थीं, वहीं शत्रुघ्न सिन्हा पुणे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूड ऑफ इंडिया (FTII) ज्वाइंन करने के लिए जा रहे थे। शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम दोनों ही ट्रेन में रो रहे थे और दोनों की बर्थ एक-दूसरे के सामने थी। पूनम ने खुद एक बार एक टीवी शो में बताया था कि ट्रेन में शत्रुघ्न उनसे बात करने की काफी कोशिश कर रहे थे, लेकिन डर से कर नहीं पा रहे थे। इसी वजह से शत्रुघ्न ने एक मैगजीन पर लिखा, ‘इतनी सुंदर लड़की को रोना शोभा नहीं देता’ और उसे पूनम को दे दिया। और इसी एक लाइन से शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम की लव स्टोरी स्टार्ट हुई।
इस मुलाकात के बाद बात आगे बढ़ी और 5 साल के अफेयर के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। शादी की बात करने के लिए शत्रुघ्न के भाई राम सिन्हा और डायरेक्टर एनएन सिप्पी पूनम के घर गए। लेकिन पूनम की मां शत्रुघ्न सिन्हा की फोटो देखते ही भड़क गई और बोल पड़ीं कि, ‘ये तो किसी गुंडे की तरह लगता है। इसके चेहरे पर कितने निशान हैं।’ पूनम की मां ने यह भी कहा- मेरी बेटी दूध जैसी गोरी और कहां ये लड़का, जो फिल्मों में चोर की एक्टिंग करता है। यह कहते हुए पूनम की मां ने रिश्ता रिजेक्ट कर दिया था। हालांकि बाद में सब मान गए।
दोनों की शादी 1980 में हो गई। इन दोनों की शादी-शुदा जिंदगी अच्छी चल रही है। इनके तीन बच्चे भी हैं- सोनाक्षी सिन्हा, लव सिन्हा और कुश सिन्हा। पूनम और शत्रुघ्न दोनों आज राजनीति के मैदान में हैं। लंबे समय तक बीजेपी में रहने बाद जहां शत्रुघ्न कांग्रेस के साथ हो लिये हैं वहीं उनकी पत्नी पूनम ने समाजवादी पार्टी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की है।
(और Lifestyle News पढ़ें)