चर्चित कवि कुमार विश्वास अक्सर अपनी कविताओं से लोगों का दिल जीतते नजर आ जाते हैं। उनके बोल लोगों को खूब भाते हैं। इन दिनों वे राम कथा को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं, जिससे जुड़े वीडियोज और फोटोज कवि अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी शेयर करते रहते हैं। दरअसल, कुमार विश्वास सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहते हैं। खासकर इंस्टाग्राम पर वे अपने कार्यक्रमों की फोटो-वीडियो तो शेयर करते ही रहते हैं, साथ ही घर परिवार की तस्वीरें भी शेयर करते हैं। बीते कुछ समय पहले कवि ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने बेहद खूबसूरत घर का भी एक वीडियो शेयर किया था। यहां हम आपको कुमार विश्वास के इसी खूबसूरत घर की खासियत बता रहे हैं।

कैसे खास है कुमार विश्वास का घर?

इससे पहले बता दें कि कुमार विश्वास शहर के शोर-शराबे से दूर रहना पसंद करते हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था कि कार्यक्रम के बाद वे प्रकृति की गोद में बने अपने घर में अपना समय बिताना पसंद करते हैं। कवि का ये घर राजधानी दिल्ली के करीब पिलखुवा में स्थिति है, जिसे उन्होने ‘केवी कुटीर’ (KV Kutir) नाम दिया है। खास बात यह है कि कुमार विश्वास का घर एंटी-बैक्टीरियल है, टेंपरेचर को कंट्रोल करता है और भीषण गर्मी के समय भी कूल-कूल रहता है।

दरअसल, कवि ने अपने घर के निर्माण में सीमेंट, रोड़ी, बजरी जैसी चीजों का रत्ती भर भी इस्तेमाल नहीं किया है। इससे अलग केवी कुटीर को बनाने के लिए उन्होंने ‘वैदिक प्लास्टर’ का अनोखा तरीका अपनाया है। एक इंटरव्यू के दौरान कुमार विश्वास ने बताया था कि एक दिन वे ई.बी. हॉवेल की एक किताब पढ़ रहे थे, जिसमें खास तरीके के घर का जिक्र किया गया था। उन्हे उस घर का आइडिया इतना पसंद आया कि उन्होंने उसी समय सोच लिया था कि एक दिन वे भी अपना ऐसा ही घर बनवाएंगे।

किन चीजों का किया है इस्तेमाल?

कुमार विश्वास बताते हैं कि उनका घर पीली मिट्टी, बालू, गोबर, अनुपयुक्त दालों की चूरी, चूना और लसलसे पेड़ों जैसे आंवला, लिसोढ़ा, गूलर, शीशम आदि के अवशेष मिलकर बनाया गया है। इन सब चीजों के इस्तेमाल से उनका घर पूर्णतः एंटीबैक्टिरियल और तापमान नियंत्रक भी है। साथ ही ये घर दिखने में भी बेहद खूबसूरत है।

हर सुविधा से है लेस

बात घर के अंदर की करें, तो केवी कुटीर में एक बड़ी लाइब्रेरी और रिकॉर्डिंग स्टूडियो भी है। इसी स्टूडियो में कवि अपने वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और मेहमानों से भी यहीं मिलते हैं। इसके अलावा केवी कुटीर में वे पशु पालन और खेती भी करते हैं। यहां वे तमाम तरह के ऑर्गेनिक फल और सब्जियां और औषधीय पेड़-पौधे उगाते हैं। इसके अलावा घर के सामने तालाब भी है, जो इसे बेहद खूबसूरत लुक देता है।