केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी जोईश ईरानी विवादों में आ गई हैं। जोईश ईरानी पर आरोप लगा है कि वह गोवा में एक बार चलाती हैं, जिसका लाइसेंस एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर लिया गया है जिसकी मृत्यु हो चुकी है। कांग्रेस के इस आरोपों से स्मृति ईरानी भड़क गई और उन्होंने कोर्ट में देख लेने की धमकी दी है। साथ ही बताया है कि उनकी बेटी 18 साल की है और अभी कॉलेज की पढ़ाई कर रही है।
कौन हैं जोइश ईरानी?
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और जुबिन ईरानी के तीन बच्चे हैं। एक लड़की हैं जिसका नाम जोइश ईरानी है और एक लड़का है जिसका नाम जोहर ईरानी है। जबकि शनेल, जुबिन ईरानी की पहली पत्नी मोना ईरानी की बेटी है। कई बार स्मृति ईरानी अपने परिवार के साथ तस्वीरों को साझा कर चुकी हैं।
जोइश ईरानी रह चुकी हैं कराटे चैंपियन
जोइश ईरानी का जन्म सितम्बर 2003 में हुआ था। फिलहाल वह पढ़ाई कर रही हैं। एक पोस्ट के जरिये स्मृति ईरानी ने बताया था कि मेरी बेटी एक कुशल खिलाड़ी है, लिम्का बुक रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवा चुकी है, कराटे में 2 एन डी डैन ब्लैक बेल्ट, विश्व चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक से उसे सम्मानित किया गया है।
क्या है पूरा विवाद?
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा एक प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाते हुए कहा था कि गोवा में स्मृति ईरानी की बेटी द्वारा चलाए जा रहे एक ‘रेस्टोरेंट’ पर फर्जी लाइसेंस लिया है। वह लाइसेंस एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर है, जिनका देहांत मई 2021 में हुआ। इसके बावजूद लाइसेंस जून 2022 में लिया गया। पवन खेड़ा ने रेस्टोरेंट का नाम बताते हुए कहा था कि इस रेस्टोरेंट का नाम तुलसी संस्कारी बार नहीं बल्कि ‘सिली सोल्स’ नाम है।’
इस पर पलटवार करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा था कि मेरी बेटी कोई बार नहीं चलाती है बल्कि वह पढ़ाई कर रही है। 2 अधेड़ उम्र के पुरुषों ने एक 18 साल की लड़की की इज्जत की धज्जियां उड़ाने का दुस्साहस किया है, उस 18 वर्षीय लड़की का दोष बस ये है कि उस लड़की की मां ने 2014 और 2019 में अमेठी से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा था और उनके भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रेस कांफ्रेंस किया था, तो मैं करूंगी, आगे भी करूंगी!