Manoj Tiwari Lifestory: भारतीय राजनीति का पहले से ही कलाकारों से गहरा जुड़ाव रहा है। जहां धर्मेन्द्र, विनोद खन्ना, शत्रुघ्न सिन्हा, हेमा मालिनी,सुनील दत्त,जयाप्रदा, सनी देओल,राजबब्बर जैसे कलाकार चुनकर संसद तक पहुंचे। वहीं एन टी रामाराव, एमजी रामचंद्रन और जे जयललिता जैसे कलाकार अपने सूबे के मुख्यमंत्री भी बने। भोजपुरी कलाकार भी राजनीति करने में पीछे नहीं रहे हैं। फिलहाल दो भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी और रवि किशन लोकसभा के सदस्य हैं।
अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 3.63 लाख वोटों के बड़े अंतर से चुनाव हराकर मनोज तिवारी दूसरी बार लोकसभा पहुंचे थे। मनोज तिवारी दिल्ली बीजेपी के बड़ा पूर्वांचली चेहरा माने जाते हैं। लगभग 4 साल तक मनोज तिवारी ने दिल्ली भाजपा की कमान भी संभाली।
राजनीति में कदम रखने से पहले मनोज तिवारी ने भोजपुरी इंडस्ट्री में खूब नाम कमाया।
2003 में ‘ससुरा बड़ा पइसावाला’ से मनोज तिवारी भोजपुरी इंडस्ट्री में चमक गए। यह फिल्म जबरदस्त हिट साबित हुई थी। इसके बाद मनोज तिवारी ने ‘दरोगा बाबू आई लव यू’, ‘धरती कहे पुकार के’, ‘गंगोत्री : गंगा 2’, ‘जन्म जन्म के साथ’, ‘देवरा भईल दीवाना’ जैसी सुपरहिट फिल्में बनाईं।
मनोज तिवारी के गानों ने भी खूब धमाल मचाया। ‘चट देनी मार देली’, ‘बगलवाली जान मारेली’ जैसे भोजपुरी गाने लोगों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा गैंग्स ऑफ वासेपुर में मनोज तिवारी का ‘जिया तू बिहार का लाला, जिया तू हजार साला’ गाना देशभर में लोगों की जुबान पर चढ़ गया।
फिल्मों के अलावा मनोज तिवारी 2010 में बिग बॉस सीजन 4 में भी गए थे। बिग बॉस के घर में मनोज तिवारी की कई बार डॉली बिंद्रा से लड़ाई भी हुई थी। इस दौरान मनोज तिवारी के बिग बॉस की अन्य प्रतिभागी श्वेता तिवारी के साथ अफेयर की खूब चर्चा रही थी।
2013 में भाजपा ज्वॉइन करने से पहले मनोज तिवारी समाजवादी पार्टी में भी रह चुके हैं। मनोज तिवारी 2009 लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोरखपुर से योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़े थे। हालांकि, गोरखपुर लोकसभा चुनाव में उन्हें योगी आदित्यनाथ से हार का सामना करना पड़ा था।
2014 लोकसभा चुनाव में मनोज तिवारी भाजपा के टिकट पर उत्तर पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़े। इस चुनाव में मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी के आनंद कुमार और कांग्रेस के जेपी अग्रवाल को पटखनी दी थी। दिल्ली के पूर्वांचली वोटरों में मनोज तिवारी बेहद लोकप्रिय हैं। इन्हीं वोटरों को लुभाने के लिए भाजपा ने उन्हें दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया था। हालांकि, 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद पार्टी ने मनोज तिवारी को हटाकर आदेश कुमार गुप्ता को दिल्ली बीजेपी की कमान सौंपी है।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट मनोज तिवारी के पास लगभग 8.5 करोड़ की चल संपत्ति और 15 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है । यह जानकारी उन्होंने लोकसभा चुनाव के वक्त अपने शपथ पत्र में दी थी। इसके अलावा उनपर 1 करोड़ से अधिक की देनदारी भी है।
मनोज तिवारी कारों के बहुत शौकीन हैं, उनके पास मर्सिडीज बेंज, ऑडी Q7, फॉर्च्यूनर, होंडा सिटी, इनोवा जैसी कई गाड़ियां हैं। खुद भोजपुरी इंडस्ट्री में नाम कमाने वाले मनोज तिवारी की पसंदीदा गायिका सपना चौधरी हैं।