Munger New SP: बिहार के मुंगेर में मां दुर्गा मूर्ति विसर्जन पर हुए बवाल के बाद चुनाव आयोग ने मुंगेर के डीएम राजेश मीणा और एसपी लिपि सिंह को पद से हटा दिया था। अब चुनाव आयोग ने रजनी पाटिल को मुंगेर का नया डीएम और मानवजीत सिंह ढिल्लों को मुंगेर का नया एसपी नियुक्त किया है।
कौन हैं मुंगेर के नए एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों: मानवजीत सिंह ढिल्लों 2009 के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। मुंगेर के एसपी नियुक्त होने से पहले वो पटना में पुलिस अधीक्षक (विशेष कार्य बल) के पद पर तैनात थे। इसके अलावा, मानवजीत वैशाली जिले के एसपी भी रह चुके हैं। उनको जमीन से जुड़ा प्रशासनिक अफसर माना जाता है।
उनकी गिनती बिहार के सख्त प्रशासनिक अधिकारियों में होती है। वैशाली जिले में एसपी के तौर उन्होंने खूब छापेमारी की थी। वैशाली में एसपी रहते हुए पिछले साल मानवजीत सिंह ढिल्लों ने लापरवाही बरतने वाले 3 डीएसपी समेत 66 पुलिसवालों पर एफआईआर दर्ज की थी।
पत्नी भी हैं आईपीएस: मानवजीत सिंह ढिल्लो की पत्नी भी आईपीएस अधिकारी हैं। उनकी शादी 2009 बिहार कैडर की आईपीएस अधिकारी हरप्रीत सिंह से हुई है। दोनों ने 2011 में शादी की थी। हरप्रीत सिंह भी बिहार की सख्त प्रशासनिक अधिकारी मानी जाती हैं। मानवजीत सिंह ढिल्लों की पत्नी चर्चा में उस समय आई थीं जब उनके नेतृत्व में पुलिस ने बिहा लेवी से 27.5 लाख रुपयों के साथ महिला नक्सली को गिरफ्तार किया था।
क्या था मामला: दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से एक दिन पहले मुंगेर जिले में मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के मौके पर बवाल हो गया था। इस दौरान गोलीबारी और पथराव होने से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी। इस घटना में कई सुरक्षाकर्मी घायल भी हो गए थे। मुंगेर में बवाल के बाद चुनाव आयोग ने डीएम राजेश मीणा और एसपी लिपि सिंह को पद से हटा दिया था।
गुरुवार को फिर से मुंगेर में बवाल हो गया था और लोग सड़क पर उतर आए थे। गुस्साए लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद लोगों ने पूरब सराय थाने में आग भी लगा दी थी। फिर स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने मुंगेर में फ्लैग मार्च भी किया था।