किस (Kiss) करना हमेशा से ही प्यार का प्रतीक रहा है। प्रेमी जोड़े अक्सर अपने पार्टनर को किस कर उनके प्रति अपना प्यार जाहिर करते हैं। अगर आपने कभी किसी को किस किया है, तो आप इस अनुभव के बारे में जरूर जानते होंगे। वैसे तो किस करने के कई फायदे बताए जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार किस करने पर आप जाने-अनजाने में कई तरह की बीमारियों को भी न्योता दे देते हैं? इसी कड़ी में कई अध्ययनों में किस करते वक्त कुछ बातों को ध्यान में रखना जरूरी बताया गया है। प्यार के खेल में नए खिलाड़ियों के लिए ये बातें और अहम हो जाती हैं। आइए जानते हैं क्या हैं ये बातें-
दाढ़ी बिगाड़ सकती है चेहरा:
दाढ़ी आज के समय में एक फैशन ट्रेंड बन चुका है। अधिकतर महिलाओं को दाढ़ी वाले पुरुष ही पसंद आते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि महिलाओं के लिए दाढ़ी वाले पुरुषों को किस करना खतरनाक साबित हो सकता है? क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन के रिसर्चर ने लगभग 18 से 76 साल के मर्दों की दाढ़ी पर रिसर्च की थी। रिसर्च के दौरान सामने आया कि पुरुषों की दाढ़ी में कुत्तों के बालों में मिलने वाले बैक्टीरिया से भी अधिक खतरनाक और पावरफुल बैक्टीरिया पाए जाते हैं। ऐसे में अगर महिलाएं दाढ़ी वाले पुरुषों को किस करती हैं, तो ये बैक्टीरिया उन्हें कई तरह से नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे महिलाओं को स्किन इंफैक्शन तक हो सकता है। इसलिए अपने पार्टनर को किस करने से पहले शेव जरूर कर लें।
खांसी-जुकाम हो तो कर लें सब्र:
अगर आपके पार्टनर को खांसी-जुकाम है, तो ऐसी हालत में उन्हें किस करने से बचें। खांसी-जुकाम में किस करने से बीमार पार्टनर के जर्म्स दूसरे पार्टनर के मुंह में भी चले जाते हैं। इसी कड़ी में माना जाता है कि किस करने से लोगों को सबसे ज्यादा खांसी-जुकाम की शिकायत होती है।
खतरनाक हैं मुंह के छाले:
अगर दोनों पार्टनर में से किसी के मुंह में छाले हैं, तो ऐसी हालत में भी किस करने से परहेज करें। किस के दौरान कपल की लार एक दूसरे के मुंह में जाती है, ऐसे में मुंह के बैक्टीरिया के फैलने का खतरा अधिक बढ़ जाता है। इससे ना केवल दूसरे पार्टनर के मुंह में भी छाले हो सकते हैं, बल्कि पहले से ही पीड़ित शख्स की हालत भी और खराब हो सकती है।
दांतों पर जरूर दें ध्यान:
एक्सपर्ट्स की मानें तो किस करने के दौरान करीब 8 करोड़ बैक्टीरिया का आदान-प्रदान होता है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति लंबे समय से दांत के डॉक्टर के पास नहीं गया है या वह अपने मुंह की सफाई अच्छे से नहीं कर रहा है तो जाहिर है उसके मुंह के अंदर बैक्टीरिया के बढ़ने की संभावना और अधिक हो जाती है। इसके लिए किसी को किस करने से पहले जरूर सुनिश्चित कर लें कि वह रोजाना अपने दातों की सफाई अच्छे से करता हो।
फटे होंठों से बचें:
अगर आपके होठ फटे हैं तब भी किस करने से बचें। फटे होठों के साथ किस करने से फंगल इंफैक्शन का खतरा बढ़ जाता है। ये आपके और आपके पार्टनर दोनों के लिए ही खतरनाक साबित हो सकता है।