ऐसा अक्सर हम सभी के साथ होता है कि हम चाहते तो है जल्दी सुबह उठ जाना लेकिन उठ नहीं पाते। हमारी जीवनशैली ऐसी हो गई है कि हम देर रात तक जगते हैं और सुबह लेट से उठते हैं। लेट से उठने के कारण न तो हम फ्रेश फील कर पाते हैं न ही अपना वर्कआउट कर पाते हैं। अनियमित दिनचर्या के कारण हमारा बॉडी क्लॉक बिगड़ जाता है जिससे हमें कई परेशानियां होने लगती है जैसे नींद न आना, तनाव, सुबह उठने पर आलस आदि।

सबसे पहले ये जान लेना जरूरी है कि आखिर बॉडी क्लॉक है क्या? बॉडी क्लॉक सभी जीव – जंतुओं के भीतर शारीरिक प्रक्रियाओं में चलने वाला 24 घंटे का चक्र होता है। यह हमारे सोने- जगने, हार्मोन का स्राव, शरीर के तापमान सहित विभिन्न शारीरिक प्रक्रियाओं को नियंत्रित करता है। इसे जैविक घड़ी या अंग्रेजी में बॉडी क्लॉक कहा जाता है। अगर बॉडी क्लॉक बिगड़ गया है तो इन पांच तरीकों से हम उसे सुधार सकते हैं।

रात में जल्दी सोएं और सोने का समय निर्धारित करें-  कोशिश करें कि रात को जल्दी सो जाएं और बेड पर जाने से पहले मोबाइल को दूर रख दें। बेड पर जाकर अधिक फोन और टीवी देखने से आंखों पर बुरा असर होता है और नींद नहीं आती। रात को नियत समय पर सोएं और सुबह भी एक नियत समय पर जगने को कोशिश करें। इससे बॉडी क्लॉक में सुधार होगा और कुछ समय बाद अपने आप नींद सुबह खुलने लगेगी।

संतुलित आहार लें- सही भोजन करने से एनर्जी बढ़ती है और नींद अच्छी आती है। रात को सोने से ठीक पहले भोजन न करें बल्कि सोने के 3 घंटे पहले भोजन कर लें। खाने में फल – सब्जियों, साबूत अनाज सहित ओमेगा 3 फैटी एसिड से भरपूर भोजन का सेवन करें।

सुबह उठकर नियमित व्यायाम करें – कई अध्ययनों में यह सिद्ध हो चुका है कि व्यायाम से हमें नींद आने में मदद मिलती है और तनाव से भी राहत मिलता है। सुबह उठने के बाद हल्का सा वार्मअप जरूर करें।  सुबह व्यायाम करने से थकान से भी छुटकारा मिलता है और आप दिन भर तरोताजा बने रहते हैं।

 

मानसिक तौर पर मज़बूत बने और दोस्त बनाएं- हम रात को तो सोचकर सोते हैं कि सुबह जल्दी उठ जाएंगे लेकिन सुबह कई बार अलार्म बजने के बावजूद भी नहीं उठ पाते हैं। अगर हम अपना विल पावर मजबूत बना लें तो सुबह आलस को छोड़ हम ज़रूर उठ पाएंगे। सुबह उठकर अक्सर हम अकेले जिम जाने या रनिंग पर जाने में खुद को अकेला पाते हैं। इस कारण हम कई बार बाहर निकल ही नहीं पाते। इसके लिए आप दोस्त बनाएं जो सुबह उठकर आपके साथ एक्सरसाइज करने जा सकें।

खुद को थोड़ा वक़्त दें – सुबह जल्दी उठना शुरू – शुरू में थोड़ा मुश्किल जरूर लग सकता है लेकिन थोड़े दिनों बाद यह आदत बन जाएगी। इसलिए शुरू में ही आप घबराकर सुबह उठने का आइडिया ड्रॉप मत कर दें बल्कि खुद को थोड़ा वक़्त दें, धीरज बनाकर रखें। हफ्ते- दो हफ्ते में हमारा बॉडी क्लॉक उसी हिसाब से काम करने लगेगा और हम अपने आप जल्दी उठ जाएंगे।