Holi 2025: रंगों के बिना होली का त्योहार अधूरा है। लेकिन केमिकल युक्त ये रंग स्किन और हेयर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। होली खेलने के बाद काफी दिनों तक लोग स्किन प्रॉब्लम से परेशान रहते हैं। अगर आप भी इस बार जमकर होली खेलने के मूड में हैं तो कुछ तैयारियां आपको पहले से कर लेनी चाहिए। इससे आप मन भर कर होली का आनंद भी ले पाएंगे, साथ ही हेयर केयर रूटीन फॉलो करने पर आपको हेयर डैमेज होने का डर भी नहीं रहेगा। होली खेलने से पहले (Holi Hair Care) आप हेयर मास्क तैयार कर लें ताकि शैंपू करने से पहले आप उसे अप्लाई कर पाएं। ऐसा करने से केमिकल वाला रंग आपके बालों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। इसके साथ ही बालों को सुरक्षित रखने के लिए आप यहां बताए टिप्स (Pre Holi Hair Care Tips) को फॉलो कर सकते हैं।

बालों के लिए बनाएं ये हेयर मास्क

होली खेलने के बाद बाल पूरी तरह अबीर-गुलाल और रंग से भर जाते हैं। ऐसे में सिर्फ शैंपू करने से बालों से ये रंग नहीं निकलता है। इतना ही नहीं ये रंग बालों में छूटने पर नुकसान भी पहुंचा सकता है। इससे बचने के लिए आप घर पर बड़ी आसानी से हेयर मास्क बना सकते हैं। इसके लिए आपको मेथी के बीज और दही की जरूरत होगी। सबसे पहले रात में एक बड़ा चम्मच मेथी के बीज भीगने के लिए दही में डाल दें। सुबह इसे पीसकर पेस्ट बना लें। होली खेलकर जब आप घर आएं तो सबसे पहले इस पेस्ट को बालों में लगाएं। इसे करीब आधा घंटा बालों में रहने दें। इसके बाद शैंपू से हेयर वॉश करें।

होली में रंगे बालों की सुरक्षा कैसे करें?

होली में रंगे बालों को डैमेज होने से बचाने के लिए सबसे जरूरी है कि केमिकल वाला कलर आप बालों से पूरी तरह से हट जाए। इसके लिए जरूरत पड़ने पर आप बालों को मॉइस्चराइजिंग शैंपू से दो बार भी वॉश कर सकती हैं। इससे आपको बालों और स्कैल्प से सारा रंग हटाने में मदद मिलेगी। इसके बाद बालों में कंडीशनर का इस्तेमाल करना न भूलें। अगर आपके बालों में बहुत ज्यादा रंग भरा गया तो बालों में शैंपू और कंडीशनर लगाने के बाद आप शहद का हेयर मास्क भी लगाएं। इससे बालों की ड्राईनेस दूर हो जाएगी।

बालों को करें इस तरह से कंघी

होली पर हेयर वॉश करने के बाद बालों को सुलझाने के लिए हमेशा चौड़े दांतों वाली कंघी या ब्रश का यूज करें। ऐसा करने से बालों के टूटने की संभावना कम हो जाएगी। बालों के अच्छे तरीके से सुलझाने के लिए सबसे पहले बालों के सिरों से कंघी करना शुरू करें। इसके बाद जड़ों की ओर बढ़ते हुए बालों को संवारें।

होली खेलने से पहले बालों में क्या लगाएं?

होली खेलने से पहले बालों में नारियल, जैतून या फिर बादाम का तेल जरूर लगाएं। ऐसा करने आप काफी हद तक केमिकल युक्ति रंगों से बालों को बचा पाएंगे। साथ ही बालों की स्कैल्प पर भी तेल से मालिश करें। इससे बालों में लेमिनेशन की तरह ऑयल की लेयर बन जाएगी। इससे बालों के डैमेज होने का खतरा भी कम रहेगा। इसके अलावा आप बालों में एलोवेरा जेल और गुलाब जल भी लगा सकती हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।