खुद को ग्रूम रखने के लिए लड़के हर हफ्ते या हफ्ते में दो बार फेस शेव करना पसंद करते हैं। इसके लिए जहां कुछ लोग सैलून जाते हैं, तो कुछ घर पर ही रेजर की मदद से शेव कर लेते हैं। अब, शेविंग चाहे सैलून जाकर कराई हो या घर पर खुद ही की हो, अक्सर दाढ़ी बनाने के बाद कई पुरुषों के चेहरे पर छोटे-छोटे पस वाले या लाल दाने उभर आते हैं, जो दिखने में बेहद भद्दे लगते हैं, साथ ही कई बार इनमें हल्के दर्द का एहसास भी परेशान करने लगता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए बड़े काम का साबित हो सकता है।
यहां हम आपको शेविंग के बाद चेहरे पर होने वाले इन दानों का कारण और इनसे निजात पाने के कुछ आसान तरीके बता रहे हैं। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
मामले को लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट रेनिता राजन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में स्किन एक्सपर्ट बताती हैं, ‘शेविंग के बाद चेहरे पर होने वाले इस तरह के दानों को रेजर बंप्स (Razor bumps) कहा जाता है।’
डॉ. राजन के मुताबिक, ‘रेजर बंप्स एक आम समस्या है, जिसे स्यूडोफ़ोलिकुलिटिस बारबे के नाम से भी जाना जाता है। दरअसल, कई बार शेविंग के बाद या रिवर्स शेविंग करने से फेशियल हेयर की नोक त्वचा के अंदर की ओर मुड़ जाती है। इससे त्वचा में हल्का उभार या सूजन पैदा हो जाती है, जो फिर दिखने में लाल पिंपल जैसा लगता है और इसे ही रेजर बंप्स कहा जाता है। वहीं, वैसे तो रेजर बंप्स किसी को भी हो सकते हैं। हालांकि, घुंघराले बालों वाले लोगों में ये समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।’
शेविंग के बाद कैसे पाएं क्लीन स्किन?
शेविंग के बाद रेजर बंप्स होने से रोकने और क्लीन स्किन पाने के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट ने कुछ आसान तरीके बताए हैं। जैसे-
- डॉ. राजन शेविंग के लिए रेजर का इस्तेमाल न कर ट्रिमर के उपयोग को बेहतर बताती हैं।
- डर्मेटोलॉजिस्ट शेव के दौरान शेविंग क्रीम का इस्तेमाल न कर जेंटल क्लींजर का उपयोग करने की सलाह देती हैं।
- शेविंग के बाद एक्सपर्ट सॉफ्ट ब्रिसल वाले ब्रश से चेहरे पर हल्का कॉम्ब करने की सलाह देती हैं।
- इन सब से अलग अगर आपको चेहरे पर रेजर बंप्स ज्यादा होते हैं, तो ऐसे में डॉ. राजन अपने स्किन एक्सपर्ट्स से सलाह लेने को जरूरी बताती हैं, साथ ही इस स्थिति में आप लेजर ट्रीटमेंट भी करा सकते हैं।
ये कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप शेविंग के बाद एकदम क्लीन और क्लियर स्किन पा सकते हैं।
इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- होंठ क्यों फटते हैं? यहां जानें सर्दियों में होने वाली इस आम समस्या का कारण और हल