सर्दियों के मौसम में गुड़ खूब खाया जाता है। लोग इससे कई अलग-अलग डिश बनाना और खाना पसंद करते हैं, तो कई गुड़ को सादा भी खाते हैं। इसका न केवल स्वाद लोगों को पसंद आता है, बल्कि गुड़ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। हालांकि, आज के समय में बाजार में नकली और कैमिकल वाला गुड़ भी आने लगा है। ऐसे में सही गुड़ की पहचान करना बेहद जरूरी हो जाता है।

इसके लिए मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने 3 टिप्स बताई हैं, जिनपर ध्यान देकर बेहद आसानी से असली और अच्छे गुड़ की पहचान की जा सकती है। यहां हम आपको इन्हीं टिप्स के बारे में बता रहे हैं-

गुड़ खरीदते समय इन 3 बातों पर दें ध्यान-

रंग

मास्टरशेफ पंकज भदौरिया बताती हैं, अगर आप मार्किट में गुड़ खरीदने जा रहे हैं, तो सबसे पहले गुड़ के रंग पर ध्यान दें। बाजार में आपको दो रंग के गुड़ देखने को मिलेंगे। इनमें से एक का रंग हल्का सुनहरे और सफेद होता है, तो दूसरा गुड़ दिखने में काला और अधिक गाढ़े रंग का होता है।

मास्टरशेफ इन दोनों में से गहरे काले रंग का गुड़ खरीदने की सलाह देती हैं। उनके मुताबिक, हल्का गुड़ ब्लीच किया हुआ और रासायनिक उपचार से बना होता है, जबकि गहरा गुड़ शुद्ध, मिलावट रहित गन्ने के रस से बना होता है। ऐसे में रंग देखकर गुड़ की पहचान करें।

चखकर देखें

पंकज भदौरिया बताती हैं, जब भी आप गुड़ खरीदने जाएं, तब इसे थोड़ा सा चखकर देखें। अगर आपको गुड़ का स्वाद थोड़ा नमकीन लगे, तो इसे खरीदने से बचें क्योंकि ये पुराना हो सकता है। गुड़ में मौजूद मिनरल्स समय के साथ नमकीन हो जाते हैं। इसलिए ऐसा गुड़ खरीदें जिसमें नमकीनपन का जरा भी एहसास न हो।

कठोरता

इन सब से अलग आप गुड़ की कठोरता से भी उसकी पहचान कर सकते हैं। पंकज भदौरिया के मुताबिक, अगर गुड़ नरम है और आपके हाथों से आसानी से टूट जाता है, तो इसका मतलब है कि इसमें रासायनिक उपचार किया गया है। शुद्ध, बिना मिलावट वाला गुड़ सख्त होगा और उसे तोड़ना मुश्किल होगा। ऐसे में इस आसान तरीके से भी आप अच्छे गुड़ की पहचान कर सकते हैं।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- दूध से 5 गुना ताकतवर है किचन का यह सामान, सिर्फ दो सप्ताह खाने मात्र से बालों को मिल जाएगा नया जीवन