पानी पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। ये बात अधिकतर लोग जानते हैं। खासकर सुबह सोकर उठने के बाद पानी पीने की सलाह दी जाती है। लेकिन क्या आपको पता है कि सुबह बासी मुंह कितना पानी पीना चाहिए? अगर नहीं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको इसी सवाल का जवाब देने वाले हैं।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

मामले को लेकर मशहूर योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और द योगा इंस्टीट्यूट, मुंबई की निदेशक हंसा योगेंद्र (Dr. Hansaji Yogendra) ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में डॉ. हंसाजी बताती हैं, ‘सुबह उठकर पानी पीने को आयुर्वेद में ‘ऊषापान’ कहा जाता है, जिससे आपकी बॉडी को एक साथ कई लाभ मिलते हैं।’

‘सुबह सोकर उठने के बाद पानी पीने या ऊषापान करने से आपकी बॉडी से टॉक्सिन को फ्लश आउट करने में मदद मिलती है, आपकी बॉडी हाइड्रेटेड रहती है और पाचन भी बेहतर रहता है। ऐसे में हर व्यक्ति को रोज सुबह सोकर उठने के बाद सबसे पहले पानी पीना चाहिए।’

सुबह बासी मुंह कितना पानी पीना चाहिए?

योग गुरु हंसा योगेंद्र के मुताबिक, ‘वैसे तो सुबह सोकर उठने के बाद कितनी मात्रा में पानी पीना चाहिए, ये व्यक्ति की उम्र, डाइट, दिनचर्या और उसकी ओवरऑल हेल्थ पर निर्भर करता है। हालांकि, एक स्वस्थ व्यक्ति को सुबह 200ml से 500ml पानी पीने की सलाह दी जाती है। वहीं, आयुर्वेद की मानें तो पित्त दोष होने पर व्यक्ति को अधिक प्यास का एहसास हो सकता है। इसके अलावा वात दोष होने पर भी ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जाती है। वात दोष ड्राई स्किन और कब्ज का कारण बन सकता है, ऐसे में व्यक्ति के शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत होती है।’

क्या है सुबह पानी पीने का सही तरीका?

  • डॉ. हंसाजी सुबह बहुत ठंडा पानी पीने से बचने की सलाह देती हैं। इससे अलग आप पानी को हल्का गुनगुना कर या नॉर्मल पानी पी सकते हैं।
  • पानी को एक जगह बैठकर धीरे-धीरे घूंट-घूंट कर पिएं।
  • सुबह ब्रश करने के पहले पानी पिएं। इससे प्रतिरक्षा में सुधार करने में मदद मिलती है।
  • इन सब से अलग आप पानी में नींबू और पुदीने के पत्ते मिलाकर भी इसका सेवन कर सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।