Pregnancy Early Symptoms:गर्भावस्था महिलाओं के जीवन में आने वाला एक सुखद दौर है, जो सभी माओं के लिए खास होता है। हालांकि, इस बीच कई शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों से भी उन्हें गुजरना पड़ता है। वर्तमान समय में कई ऐसे जांच और अल्ट्रासाउंड होते हैं जिनके जरिये प्रेग्नेंसी का पता चल सकता है।
वहीं, गर्भधारण करने के बाद से महिलाओं के शरीर में भी कुछ नए बदलाव आते हैं जिन्हें प्रेग्नेंसी का लक्षण माना जा सकता है। ऐसे में अगर महिलाओं को लगता है कि वो प्रेग्नेंट हैं तो इन संकेतों को जानकर पता कर सकती हैं।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक गर्भावस्था के शुरुआती लक्षण हर महिला में अलग हो सकते हैं। किसी में कॉन्सेप्शन के सप्ताह भर बाद ही बदलाव आते हैं तो कुछ महिलाओं में अल्ट्रासाउंडड सबके बाद लक्षण दिखाई देते हैं। वहीं, कुछ मामलों में कोई लक्षण नजर नहीं आता है। वैसे अधिकांश महिलाओं में प्रेग्नेंसी का शुरुआती संकेत पीरियड्स मिस होना होता है। इसके अलावा, मॉर्निंग सिकनेस, थकान, चक्कर और वोमिटिंग महसूस होना भी प्रेग्नेंसी के कॉमन लक्षण होते हैं।
पेट में हो अगर ये तीन परेशानी: विशेषज्ञों के अनुसार ज्यादातर महिलाओं में गर्भावस्था के लक्षण पीरियड्स मिस होने के करीब 5 से 6 सप्ताह बाद नजर आते हैं। इसके शुरुआती संकेतों में कुछ महिलाओं को ऐसा महसूस हो सकता है कि उनके पेट की मांसपेशियां खिंच रही हो या फिर स्ट्रेच होने लगती हैं। इसे एब्डॉमिनल ट्विंजेज (Abdominal Twinges) कहा जाता है। इसके अलावा, पेट में लगातार दर्द को भी प्रेग्नेंसी का इनिशियल सिंप्टम माना जा सकता है।
इसके अलावा, ब्लोटिंग यानी पेट फूलना भी गर्भवती महिलाओं को परेशान कर सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार प्रोजेस्टीरोन (जिसे प्रेग्नेंसी हार्मोन भी कहा जाता है) के प्रभाव से पेट अधिकतर समय भरा और फूला हुआ प्रतीत होता है। ऐसे में अगर महिलाओं को पेट में सूजन महसूस हो तो इसकी एक वजह प्रेग्नेंसी भी हो सकती है।
ये हैं दूसरे शुरुआती लक्षण: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक पसंदीदा भोजन से मन ऊबना, फूड क्रेविंग ज्यादा होना, थकान, रात के समय ज्यादा पेशाब लगना, मुंह का स्वाद कसैला हो जाना, ब्रेस्ट साइज में बदलाव, दर्द और सूजन, ब्लड स्पॉटिंग, कमजोरी, कमर दर्द, सिर दर्द, पैरों में क्रैम्प्स पड़ना और शरीर का तापमान बढ़ना भी प्रेग्नेंसी के शुरुआती लक्षणों में शामिल हैं।

