प्रेगनेंसी के दौरान त्वचा में खिंचाव आने की वजह से पेट के निचले हिस्से, बाजू, पैरों आदि पर स्ट्रेच मार्क्स आ जाते हैं। ये निशान इसलिए होते हैं क्योंकि आपका शरीर त्वचा की तुलना में तेजी से बढ़ रहा होता है और त्वचा के नीचे के तंतु खिंचाव के कारण टूट जाते हैं। हालांकि स्ट्रेच मार्क के कारण किसी भी चिकित्सीय समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। इससे छुटकारा पाने के लिए महिलाएं न जाने कितने तरीके अपनाती हैं, जिनमें से कुछ तो कारगर हो जाते हैं, लेकिन कुछ बेअसर होते हैं। आइए जानते हैं उन नेचुरल चीजों के बारे में जिनका इस्तेमाल कर आप स्ट्रेच मार्क्स से छुटकारा पा सकती हैं और वो भी बिना किसी साइड इफेक्ट के।
एलोवेरा जेल: एलोवेरा जेल स्किन को डैमेज होने से बचाता है और स्ट्रेच मार्क्स को कम करता है। ऐलोवेरा जेल को सीधे स्किन पर लगाएं और करीब 15 मिनट के लिए लगे रहने दें। फिर गुनगुने पानी से धो लें। यदि आप नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करेंगे तो स्ट्रेच मार्क्स की समस्या दूर हो जाएगी।
हल्दी और चंदन: हल्दी और चंदन का मिश्रण गर्भावस्था के स्ट्रेच मार्क्स पर प्रभावी होता है। चंदन पाउडर और हल्दी का पेस्ट बनाएं और उसे स्ट्रेच मार्क्स पर लगाकर थोड़ी देर छोड़ दें और फिर हल्के गुनगुने पानी से धो लें। इससे आपको जल्द फर्क नजर आने लगेगा।
विटामिन-ई का तेल: स्ट्रेच मार्क्स वाले हिस्से पर रोजाना पांच से दस मिनट के लिए विटामिन-ई का तेल से मालिश करें। इन कैप्सूल का तेल निकालकर, इसमें कोई मॉइश्चराइजर मिलाकर स्ट्रेच मार्क्स पर लगाएं। इसे आप रोजाना लगाएं, धीरे-धीरे स्ट्रेच मार्क्स कम होने लगेंगे।
अंडे का सफेद हिस्सा: स्ट्रेच मार्क्स को दूर करने के लिए अंडे का सफेद हिस्सा बेहद फायदेमंद होता है। सबसे पहले अंडे के सफेद हिस्से से अंडे की जर्दी को अलग कर लें। इसके बाद एग व्हाइट को सीधे स्ट्रेच मार्क्स पर लगाएं और 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर गुनगुने पानी से धो लें।
नींबू का रस: नींबू में एसिड होने के कारण यह स्ट्रेच मार्क्स को कम करने में मदद करता है। इसके लिए आप नींबू के रस को स्ट्रेच मार्क्स वाले भाग पर रगड़ें। इसे 10 मिनट तक सूखने के लिए छोड़ दें। 10 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें।