होठों का फटना आज के समय में एक आम समस्या बन गई है। मौसम में बदलाव के कारण अक्सर होंठ फट जाते हैं। लेकिन जो लोग कम पानी पीते हैं, उनकी त्वचा शुष्क रहती है, जिसके कारण होठों की त्वचा में नमी नहीं बचती। इसलिए वह सूखकर फटना शुरू हो जाते हैं या फिर उन पर पपड़ी जमने लगती है। कभी-कभी तो होठों पर सूजन भी आ जाती है। हालांकि, अगर समय पर होंठ फटने की इस समस्या पर ध्यान ना दिया जाए, तो कई बार होठों से खून भी निकलना शुरू हो जाता है।
क्यों फटते हैं होंठ: हमारी आदतों के कारण अक्सर होंठ फटना शुरू हो जाते हैं। लेकिन कभी-कभी मौसम में बदलाव के कारण, अत्याधिक धूम्रपान और होंठ चबाने की आदत के कारण भी होंठ सूखकर फटने लगते हैं। होंठ फटने की समस्या जब बढ़ जाती है, तो इससे चेलाइटिस की बीमारी हो सकती है। हालांकि, घरेलू उपायों के जरिए होठों के फटने की इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
शहद और चीनी का पेस्ट: शहद होंठ को मुलायम बनाने में कारगर है। इसके लिए आधा चम्मच शहद में एक चम्मच चीनी मिले लें। फिर इस पेस्ट को अपने होठों पर लगाएं। 2 मिनट लगा छोड़ने के बेाद उंगलियों से धीरे-धीरे होठों को रगड़ें। थोड़े समय बाद गुनगुने पानी से होठों को धो लें। इससे आपको फायदा हो सकता है।
होठों पर लगाएं नारियल तेल: रात को सोते समय होठों पर नारियल का तेल लगाकर सो जाएं। नारियल तेल फटे होठों से छुटकारा दिलाने में कारगर साबित हो सकता है। यह उपाय होठों की सूजन को दूर करने में भी कारगर है।
ग्लिसरीन और गुलाब की पंखुड़िया: गुलाब की पंखुड़ियों को ग्लिसरीन में या फिर दूध में कुछ समय के लिए भिगोकर रख दें। इसके बाद गुलाब की पंखुड़ियों को पीसकर इनका पेस्ट बना लें। रात को सोने से पहले थोड़ा सा पेस्ट अपने होठों पर लगाएं। इस उपाय को करने से आप के होंठ गुलाब की पंखुड़ियों की तरह ही गुलाबी हो जाएंगे।
इसके अलावा आप खाली ग्लिसरीन को भी होठों पर लगा सकते हैं। क्योंकि, ग्लिसरीन में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो होठों में नमी को बनाएं रखते हैं।