गर्मियों के मौसम में लोगों को कई तरह की स्किन प्रॉब्लम्स का सामना करना पड़ता है, जिनमें पिंपल्स, एक्ने, डलनेस, दाग-धब्बे, टैनिंग समेत झाइयां भी शामिल हैं। समर सीजन में ज्यादातर पसीना, धूल-मिट्टी, प्रदूषण और गंदगी के कारण ये समस्याएं होती हैं। त्वचा संबंधी परेशानी से छुटकारा पाने के लिए अक्सर लोग केमिकलयुक्त ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कभी-कभी ये प्रोडक्ट्स फायदे की जगह नुकसान पहुंचा देते हैं। ऐसे में आप घरेलू उपायों की मदद से भी इन स्किन प्रॉब्लम्स से निजात पा सकते हैं।
इसके लिए आप हरे या फिर काले किसी भी रंग के अंगूरों का प्रयोग कर सकते हैं। नियमित तौर पर अंगूर के रस का सेवन करने से एजिंग के लक्षण जैसे झुर्रियां, फाइन लाइंस और एक्ने से भी छुटकारा पाया जा सकता है। अंगूर का रस एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो स्किन से सभी विषाक्त पदार्थों को फ्लश आउट कर देता है।
अंगूर का रस खून को साफ करता है और साथ ही हमारी त्वचा को अंदर से क्लीन करता है। एक स्टडी के मुताबिक अंगूर त्वचा पर मौजूद एक्ने बैक्टीरिया से लड़ने में भी प्रभावी होता है। नियमित तौर पर इसके सेवन से आप सूरज की हानिकारक किरणों से होने वाले डेमेज से भी खुद का बचाव कर सकते हैं।
इस तरह बनाएं अंगूर का जूस: अंगूर का जूस बनाने के लिए आपको अंगूर के साथ-साथ ब्राउन शुगर और पानी की भी जरूरत होगी। आप चाहें तो जूस में आइस क्यूब भी मिला सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले अंगूरों को अच्छी-तरह से धो लें।
फिर ब्राउन शुगर को पानी में डालकर उबाल लें। साथ ही इसमें अंगूरों को भी डाल दें। इसे तब तक उबालें जब तक अंगूरों की स्किन पर क्रैक न दिखने लगें। उबले हुए अंगूरों को निकालकर बर्फ के पानी में मिला लें। फिर इसका छिलका उतार दें और पल्प को फ्रीज में स्टोर कर लें।
अब अंगूर के छिलके को ब्राउन शुगर वाले पानी में उबालकर छान लें। फिर जूस को भी फ्रीज में ठंडा होने के लिए रख दें। बाद में दोनों चीजों को एक-साथ मिलाकर पी लें। इस तरह अंगूर के रस का सेवन करने से आपको फायदा मिल सकता है।