Gram Flour for Face: घरेलू उपायों में ऐसा माना जाता है कि बेसन त्वचा के लिए बहुत अच्छा होता है। कहते हैं कि रोजाना बेसन लगाने से त्वचा का रूखापन खत्म होता है। साथ ही इसके रोजाना इस्तेमाल से त्वचा मुलायम और चमकदार भी बनती है। जो लोग अपनी त्वचा का रूप निखारना चाहते हों उन्हें बेसन का इस्तेमाल करना चाहिए। घरेलू उपायों में यह बताया गया है कि त्वचा को चमकदार बनाने के लिए बेसन को विशेष तरीकों से इस्तेमाल करने से जल्द असर दिख सकता है।
बेसन में मिलाएं नींबू का रस – आधा चम्मच बेसन लें। इसमें आधा चम्मच नींबू का रस मिलाएं। अगर यह गाढ़ा लगे तो एक चम्मच नींबू का रस भी मिलाया जा सकता है। इसे अच्छी तरह मिक्स करें। जब तक बेसन में गुठलियां नजर आनी बंद न हो जाए तब तक बेसन फेंटे। इस पेस्ट की पतली लेयर अपने चेहरे पर लगाएं। 30 से 45 मिनट बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। बेसन से चेहरा साफ करने के तुरंत बाद साबुन से चेहरा ना धोएं। इस उपाय से आपको एक हफ्ते में असर दिखने लगेगा।
कारगर है बेसन में ग्लिसरीन मिलाना – एक चम्मच बेसन में आधा चम्मच ग्लिसरीन मिलाएं। अगर पेस्ट बहुत ज्यादा गाढ़ा हो तो एक से दो चम्मच पानी मिला सकते हैं। इस पेस्ट को पांच मिनट मिक्स करें। चेहरा धोकर सूती कपड़े से साफ करें। फिर इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं। 20 मिनट इस पेस्ट को अपने चेहरे पर सूखने दें। फिर ठंडे पानी से चेहरा धो लें। ध्यान रखें इसके बाद अपने चेहरे पर कोई क्रीम या मॉस्चराइजर ना लगाएं। इस पेस्ट को लगातार पांच दिन इस्तेमाल करने से असर दिखना शुरू हो जाता है।
बेसन-टमाटर के पेस्ट से मिलता है फायदा – एक छोटा टमाटर लें। इसका रस निकालें। दो चम्मच बेसन में टमाटर का सारा रस मिला दें। अगर पेस्ट ज्यादा पतला हो जाए तो आप बेसन और मिला सकते हैं। इस पेस्ट में एक चुटकी नमक मिलाएं। अब इस पेस्ट को अपने पूरे चेहरे पर लगाकर 20 मिनट के लिए सूखने दें। जब पूरा पेस्ट सूख जाए तो गीले कपड़े से चेहरा साफ करें। इसके तुरंत बाद साबुन ना लगाएं। इस उपाय को लगातार दो हफ्ते इस्तेमाल करने से चेहरा निखर जाता है।
अगर आपके पास बेसन के इलावा कुछ नहीं हो तो आप दो चम्मच बेसन में सादा पानी मिलाकर उसका पेस्ट बनाकर भी अपने चेहरे पर लगा सकते हैं। इस आसान उपाय से भी धीरे-धीरे चेहरा चमकदार बनने लगता है।