अक्सर प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं को शरीर पर स्ट्रेच मार्क्स की समस्या हो जाती है। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है कि स्ट्रेच मार्क्स की परेशानी केवल गर्भवती महिलाओं को ही हो बल्कि यह महिला और पुरुष हर किसी में देखने को मिल सकती है। आमतौर पर जब लोग अपने बढ़े हुए वजन को घटाने की कोशिश करते हैं तो इसके कारण भी शरीर के कुछ हिस्सों पर खिंचाव के निशान यानी स्ट्रेच मार्क्स हो जाते हैं।

स्ट्रेच मार्क्स के निशान वर्कआउट के दौरान पुरुषों के कंधों पर भी हो जाते हैं। देखने में ये बेहद ही भद्दे लगते हैं। हालांकि स्ट्रेच मार्क्स की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

शहद और चीनी का करें इस्तेमाल: चीनी त्वचा को एक्सफोलिएट करते हुए डेड स्किन सेल्स को दूर करने में मदद करती है। वहीं शहद त्वचा को मुलायम बनाता है। इसके लिए शहद और चीनी में कुछ नींबू की बूंद मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को प्रभावित हिस्सों पर लगाएं। 10 मिनट तक सूखाने के बाद त्वचा को पानी से धो लें। इस नुस्खे के इस्तेमाल से त्वचा से डेड स्किन सेल्स हट जाएंगे। यह स्किन के कोलेजन को हील करने में भी मदद करता है। आप इस नुस्खे का इस्तेमाल हफ्ते में दो बार कर सकते हैं।

एलोवेरा जेल: एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर एलोवेरा जेल में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं। एलोवेरा जेल पिंपल्स, एक्ने और दाग-धब्बों की समस्या को दूर करने में मदद करता है। यह स्ट्रेच मार्क्स की समस्या से भी छुटकारा दिलाता है। इसके लिए प्रभावित हिस्सों पर एलोवेरा जेल को लगाएं और 15 मिनट तक सूखने दें। नियमित तौर पर एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करने से स्ट्रेच मार्क्स की समस्या दूर हो सकती है।

अंडे और विटामिन ई का इस्तेमाल: इसके लिए अंडे की सफेदी में एक विटामिन ई का कैप्सूल मिला लें। प्रोटीन और अमिनो एसिड से भरपूर अंडा डैमेज स्किन को रिपेयर करने में मदद करता है। वहीं विटामिन ई का कैप्सूल स्ट्रेच मार्क्स को ठीक करता है। आप इस नुस्खे का इस्तेमाल हफ्ते में दो बार कर सकते हैं।