विराट कोहली की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में होती है। प्रोफेशनल लाइफ के अलावा विराट अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। विराट अपनी पत्नी और एक्ट्रेस अनुष्का के साथ आए दिन सोशल मीडिया पर फोटोज शेयर करते रहते हैं। तमाम समसामयिक मुद्दों पर भी राय रखते हैं। हालांकि विराट से जुड़ी कई ऐसी चीजें भी हैं, जिसके बारे में कम ही लोगों को पता है।

जब फेक नाम से की बुकिंग: विराट और अनुष्का दिसंबर 2017 में शादी के बंधन में बंधे थे। उन्होंने अपनी शादी की खबर बिल्कुल गुप्त रखी थी। एक इंटरव्यू के दौरान, विराट ने बताया था कि शादी की सारी तैयारी उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने किया था और उन्होंने किसी को बताते से मना किया था। इतना ही नहीं इस कपल ने बुकिंग करते वक्त भी फेक नाम का इस्तेमाल किया था। ताकि किसी को खबर न लग सके। विराट-अनुष्का की शादी में सिर्फ करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हुए थे।

जो पानी पीते हैं, उसकी कीमत 600 रुपये लीटर: विराट कोहली फिटनेस फ्रीक हैं। यही वजह है कि वह कुछ भी अनहेल्दी न खाते हैं और न ही पीते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट कोहली अनफिल्टर्ड पानी बिल्कुल भी नहीं पीते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह जो पानी पीते हैं, उसकी कीमत 600 रुपए प्रति लीटर है।

धोनी की पत्नी साक्षी और अनुष्का थे क्लासमेट: साक्षी ने एमएस धोनी और अनुष्का ने विराट कोहली से शादी कर ली है। बता दें कि साक्षी और अनुष्का पहले क्लासमेट थीं। अनुष्का ने 2013 में एक इंटरव्यू में बताया था कि स्कूल में साक्षी उनकी क्लासमेट थीं। वह दोनों असम के एक स्कूल में साथ पढ़ती थीं।

तेंदुलकर को दिया था स्पेशल गिफ्ट: 2013 में, जब सचिन तेंदुलकर ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया, तो यह भारत के प्रत्येक क्रिकेट प्रशंसक के लिए एक बहुत ही भावुक क्षण था। विराट कोहली और बाकी क्रिकेटर्स के लिए भी यह भावुक पल था। एक इंटरव्यू के दौरान, सचिन ने खुलासा किया था कि अपने रिटायरमेंट के दिन, विराट ने उन्हें एक पाउच दिया था, जिसमें कुछ धागे थे। तेंदुलकर ने यह भी बताया किया कि वह पाउच कोहली के पिता ने उन्हें दिया था।