आंखें हमारी बॉडी का अहम अंग है जिससे हम सारी दुनिया को देखते हैं। बॉडी के इस जरूरी हिस्से का हम बेहद गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं। लगातार कई घंटों तक स्क्रीन पर आंखें लगाकर बैठे रहते हैं। तरह-तरह के गैजेट्स का इस्तेमाल करके अपना मन बहलाते हैं। पूरे दिन में हम 9-10 घंटे डिजिटल स्क्रीन के साथ गुजारते हैं। आप जानते हैं कि मोबाइल, टी और कम्प्यूटर पर लम्बे समय तक काम करने का असर हमारी आंखों पर साफ दिखता है।
डिजिटल स्क्रीन के साथ लम्बा समय गुजारने से कम उम्र में ही आंखों की रोशनी कम हो रही है। छोटे-छोटे बच्चे हर वक्त मोबाइल पर यूट्यूब देखते हैं जिससे उनकी कम उम्र में ही आंखे कमजोर हो रही है। खराब डाइट और बिगड़ता लाइफस्टाइल कम उम्र में ही आंखों की परेशानियां पैदा कर रहा है। कोविड के दौरान लोगों को सबसे ज्यादा आंखों की परेशानी का सामना करना पड़ा है।
आमतौर पर आंखों की रोशनी कम होने का कारण रिफ्रेक्टिव एरर होता है। जिसकी वजह से मायोपिया, हाइपरोपिया की समस्या बढ़ जाती है। मौजूदा वक्त में ज्यादा स्क्रीन टाइम लोगों की आंखें कमजोर होने का मुख्य कारण है। आप भी अपनी आंखों को हेल्दी रखना चाहते हैं तो स्क्रीन टाइम कम कीजिए और डाइट में कुछ हेल्दी फूड्स को शामिल कीजिए। कुछ ड्राई फ्रूट्स ऐसे हैं जिनका सेवन करने से आंखों की रोशनी बढ़ती है और आंखों की समस्याएं भी दूर होती है। आइए जानते हैं तीन ऐसे ड्राईफ्रूट्स के बारे में जो आंखों की रोशनी को बढ़ाते हैं।
किशमिश का करें सेवन :
बता दें कि रात में भीगी हुई किशमिश का सुबह खाली पेट सेवन करने से आंखों की रोशनी बढ़ेगी। भीगी हुई किशमिश एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होती है जो आंखों की रोशनी बढ़ाने में बेहद असरदार साबित होती है। रोजाना 7 से 8 किशमिश का सेवन करने से सेहत के साथ ही आंखों को भी फायदा पहुंचेगा।
काजू का सेवन:
काजू का सेवन करने से शरीर तो स्वस्थ रहता ही है साथ ही आंखों के लिए भी काजू का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। दरअसल काजू में मौजूद ल्यूटिन और जेक्सैन्थिन नामक एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होता है जो आंखों को कमजोर होने से बचाते हैं और रोशनी बढ़ाने में मदद करते हैं। काजू का सेवन करने से हड्डियों भी मजबूत होती है। जिन लोगों की आंखों की रोशनी कम है या आंखों में समस्याएं रहती हैं तो वो रोजाना 3 से 4 काजू खा सकते हैं।
अखरोट खाएं आंखों की रोशनी बढ़ेगी:
अखरोट का सेवन दिमाग से लेकर सेहत और आंखों तक के लिए फायदेमंद है। ओमेगा-3 फैटी एसिड की भरपूर अखरोट का सेवन करने से याददाश्त तेज होती है। रोजाना एक मुट्ठी अखरोट का सेवन करने से डायबिटीज के मरीजों को फायदा पहुंचता है। इतना ही नहीं अखरोट का सेवन करने से आंखों की रोशनी भी बढ़ती है। आप भी अपनी आंखों की रोशनी बढ़ाना चाहते हैं तो अखरोट खाएं।