अक्सर लोगों के मन में यह ख्याल आता है कि अंडों को फ्रिज में रखना चाहिए या बाहर। इसको लेकर लोग तरह-तरह की बातें करते हैं। कई जगहों पर अंडों को फ्रिज में रखा जाता है, तो कहीं इसे कमरे के तापमान पर ही स्टोर किया जाता है। दरअसल, अंडों की स्टोरेज का तरीका उनके ताजा रहने और बैक्टीरिया से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
क्या कहता है विज्ञान?
फ्रंटियर्स इन माइक्रोबायोलॉजी में साल 2021 में एक रिसर्च प्रकाशित हुई थी, जिसमें कहा गया था कि करीब 25°C पर अंडों को स्टोर करने पर इनमें साल्मोनेला टाइफीम्यूरियम (Salmonella Typhimurium) नामक बैक्टीरिया पनपने लगता है। वहीं, इन्हें फ्रिज में रखने पर यह बैक्टीरिया तेजी से नहीं फैलता है। ऐसे में इस शोध में साफ तौर पर बताया गया था कि तापमान अंडों को ताजा रखने में काफी अहम भूमिका निभाता है।
अमेरिका में क्या है नियम?
- अमेरिका में अंडों को बेचने से पहले इन्हें अच्छी तरह सैनिटाइज या फिर धोया जाता है। ऐसे में अंडे का छिलका काफी संवेदनशील हो जाता है। इसलिए अमेरिका सहित कई देशों में अंडों को फ्रिज में स्टोर करना अनिवार्य होता है।
- यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर यानी यूएसडीए (USDA) के मुताबिक, अंडों को 4°C या इससे कम तापमान पर ही रखना चाहिए। साथ ही फ्रिज में रखे अंडों को दो घंटे से अधिक समय तक कमरे के तापमान पर नहीं छोड़ना चाहिए।
अंडों को कैसे करें स्टोर?
भारत में अंडों को बिना धोए बेचा जाता है। ऐसे में इसका छिलका सुरक्षित रहता है, जिससे बैक्टीरिया अंदर नहीं जा पाते। इसलिए इन्हें कमरे के तापमान पर भी रखा जा सकता है। हालांकि, भारत में कई जगहों पर तापमान काफी अधिक रहता है, ऐसे में आप इन्हें फ्रिज में भी स्टोर कर सकते हैं। अंडों को फ्रिज के दरवाजे के बजाय अंदर की शेल्फ पर रखें। इससे तापमान स्थिर बना रहता है। वहीं, अंडों में दरार आए या बदबू हो तो उन्हें फेंक देना चाहिए।
