अंडे को पोषक तत्वों का पावरहाउस कहा जाता है। इसमें प्रोटीन, विटामिन, मिनरल, ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। वहीं, वैसे तो आप दिन के किसी भी समय अंडा खा सकते हैं लेकिन ब्रेकफास्ट में अंडा खाना सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।

नाश्ते में अंडा न केवल आपके स्वास्थ्य को फायदा पहुंचाता है, बल्कि आपको दिनभर एनर्जेटिक रखने में भी मदद करता है। ऐसे में आप चाहें तो सादे अंडे की जगह आज के नाश्ते में अंडा पराठा बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए हाल ही में मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बेहद आसान और अलग रेसिपी शेयर की है। आइए जानते हैं इस रेसिपी से अंडा पराठा बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका-

चाहिए होंगी ये चीजें-

  • अंडा पराठा बनाने के लिए आपको 2 स्प्रिंग अनियन यानी हरे प्याज
  • 2 अंडे
  • स्वादानुसार नमक
  • बारीक कटा धनिया
  • लाल मिर्च पाउडर
  • तेल और
  • आटे की जरूरत होगी।

कैसे बनाएं अंडा पराठा?

  • इसके लिए सबसे पहले स्प्रिंग अनियन को बारीक-बारीक काट लें।
  • अब, इसमें 2 अंडों को फोड़कर डालें।
  • इसके बाद स्वादानुसार नमक, बारीक कटा धनिया और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह चला लें।
  • अब, आटा गूंथ लें।
  • इतना करने के बाद तैयार आटे से छोटी-छोटी लोई बनाएं, इसे बेलन की मदद से बेल लें और फिर पराठे में चाकू की मदद से छोटे-छोटे कट लगा लें।
  • इन कट को फोल्ड करें और फिर एक बार पराठे की लोई को बेल लें।
  • इसके बाद पराठे को तैयार आटे के मिश्रण में दोनों ओर से डुबोएं।
  • तवे को गर्म पर उसपर थोड़ा तेल लगाएं और पराठा डालकर दोनों ओर से सेक लें।
  • अगर आपको पराठा थोड़ा क्रिस्पी बनाना है, तो इसे थोड़ा लंबा सेकें और इतना करते ही आपका टेस्टी अंडा पराठा बनकर तैयार हो जाएगा।

    उम्मीद है ये रेसिपी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Morning Mantra: सुबह खाली पेट कौन सा फल खाना चाहिए? बहुत काम के हैं ये 5 फल