दिल्ली और एनसीआर में पॉल्यूशन का स्तर लगातार बढ़ रहा है और ऐसे में दिवाली का त्योहार भी बेहद नजदीक है। दिवाली का फेस्टिवल आतिशबाज़ी के बिना अधूरा लगता है। पिछले कुछ सालों से देश के कई हिस्सों में प्रदूषण का स्तर डरावने लेवल पर पहुंच जाता है जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। प्रदूषण के स्तर को काबू में रखने के लिए सरकार पटाखों को बैन कर देती है फिर भी लोग चोरी छुपे पटाखे जलाते हैं। बढ़ते प्रदूषण के साथ अगर अतिशबाजी भी की जाए तो लोगों का इस हवा में दम घुटने लगेगा।

आप जानते हैं कि आप पटाखों को जलाए बिना भी दिवाली के त्योहार को रोशन कर सकते हैं। आप भी इको फ्रेंडली दिवाली मनाकर हवा को और ज्यादा ज़हरीला होने से बचा सकते हैं। आइए जानते हैं कि इस दिवाली को बिना पटाखे जलाएं कैसे सेलिब्रेट कर सकते हैं।

सोलर पावर LED लाइट का करें इस्तेमाल

घर को रोशन करने के लिए आप सोलर पावर LED लाइट का इस्तेमाल करें। ये लाइट सौर ऊर्जा से संचालित होती हैं। सूरज की रोशनी से एनर्जी प्राप्त करने वाली ये लाइट ना सिर्फ प्रदूषण से बचाव करती है बल्कि आरामदायक भी होती हैं।

बायोडिग्रेडेबल दीये जलाएं

दिवाली के दिन घर को रोशन करने के लिए मिट्टी के दिये बेहतरीन और सदियों पुराना रिवाज़ हैं। लेकिन आज कल लोग दिवाली के दिन घरों में मोमबत्तियां जलाते हैं जो पेट्रोलियम पदार्थ युक्त होती हैं और पर्यावरण को प्रदूषित करती हैं। पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना चाहते हैं तो मिट्टी के दीयों से घर को सजाएं।

इंडोर प्लांट से सजाएं घर

दिवाली को इकोफ्रेंडली दिवाली बनाना चाहते हैं तो घर की सजावट इंडोर प्लांट से कीजिए। घर के अलग-अलग हिस्से में आप अलग-अलग तरह के इंडोर प्लांट लगाकर घर को डेकोरेट कर सकती हैं। हैंगिंग स्टाइल में भी आप प्लांट से घर को सजा सकती हैं। ऐरीका पाम प्लांट लगाएं। ये पौधा हवा को शुद्ध करता है और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी विषैली गैसों को हटाकर हवा में नमी बनाए रखता है।

इको फ्रेंडली रंगोली से सजाएं घर आंगन

कोई भी त्योहार हो तो रंगोली बनाना शुभ माना जाता है। इस दिवाली आप भी घर आंगन को नेचुरल तरीके से सजाना चाहते हैं तो इको फ्रेंडली रंगोली बनाएं। आप रंगोली बनाने के लिए केमिकल बेस रंगो का इस्तेमाल नहीं करें। ये रंग हवा को दूषित कर सकते हैं। इको फ्रेंडली रंगोली बनाने के लिए आप फूलों, रंगीन चावल के दाने, आटे और हल्दी का प्रयोग कर सकते हैं।