फिट रहने के लिए आज के समय में ज्यादातर लोग जिम का सहारा लेते हैं। वहीं, जिम वाले अधिकतर लोग व्हे प्रोटीन का सेवन करते हैं। प्रोटीन मसल रिकवरी में मदद करता है, मांसपेशियों को स्टॉन्ग बनाता है, थकान को कम कर आपको इंस्टेंट एनर्जी देता है, वेट लॉस में मदद करता है, साथ ही आपकी इम्यूनिटी को भी स्टॉन्ग करता है। हालांकि, खासकर व्हे प्रोटीन के सेवन को लेकर लोग अक्सर कई तरह की शिकायत भी करते हैं। इन्हीं में से एक है एक्ने की समस्या।

अक्सर लोगों का कहना होता है कि व्हे प्रोटीन लेने से उन्हें एक्ने होने लगते हैं। आइए एक्सपर्ट्स से जानते हैं कि ये बात कितनी सही है यानी क्या वाकई व्हे प्रोटीन एक्ने की परेशानी को बढ़ा सकता है? अगर हां, तो ऐसा क्यों होता है, साथ ही इससे कैसे निजात पाई जा सकती है।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?

मामले को लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट अंकुर सरीन ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में डर्मेटोलॉजिस्ट बताते हैं, ‘जब दूध से दही बनाई जाती है, तो इस प्रोसेस के दौरान पानी निकलता है, इसी पानी से व्हे प्रोटीन बनाया जाता है। ये पानी शरीर के लिए जरूरी कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है, साथ ही इसमें कई अमीनो एसिड पाए जाते हैं।’

क्या व्हे प्रोटीन से एक्ने हो सकते हैं?

डॉ. सरीन के मुताबिक, व्हे प्रोटीन से एक्ने हो सकते हैं। इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं। जैसे-

इंसुलिन और IGF-1 लेवल में वृद्धि

डॉ. सरीन बताते हैं, व्हें प्रोटीन लेने से इंसुलिन और IGF-1 लेवल बढ़ जाता है। ये एक ऐसा हार्मोन है, जो सेबेसियस ग्लैंड्स को अधिक ऑयल का उत्पादन करने के लिए उत्तेजित कर सकता है, इससे पोर्स बंद हो जाते हैं और एक्ने की परेशानी होने लगती है।

हार्मोनल इंबैलेंस

व्हे प्रोटीन हार्मोन के स्तर को प्रभावित कर सकता है, जिससे संभावित रूप से सीबम उत्पादन में वृद्धि हो सकती है और इस तरह भी ये एक्ने की परेशानी को बढ़ सकता है।

एंड्रोजेनिक प्रभाव

इन सब से अलग डॉ. सरीन बताते हैं कि व्हे प्रोटीन एण्ड्रोजन (पुरुष हार्मोन) के उत्पादन को बढ़ा सकता है, जिससे भी एक्ने बढ़ने लगते हैं। हाई एण्ड्रोजन स्तर सीबम उत्पादन में वृद्धि का कारण बन सकता है, जिससे पोर्स बंद हो जाते हैं और मुंहासे हो जाते हैं।

फिर कैसे पाएं छुटकारा?

एक्ने से निजात पाने के लिए डॉ. सरीन व्हे प्रोटीन की जगह Pea Protein, Egg Protein या Hemp Protein पाउडर का सेवन करने की सलाह देते हैं। इसके अलावा अगर आपने एक्ने की वजह से व्हे प्रोटीन खाना बंद किया है, तो नतीजे नजर आने में आपको 3 से 4 महीने का समय लग सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।