अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की पत्नी डिंपल यादव (Dimple Yadav) “नेताजी” की विरासत संभालने जा रही हैं। मैनपुरी लोकसभा सीट, जहां से मुलायाम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) सांसद थे, उसी सीट से समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने डिंपल यादव को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले डिंपल यादव कन्नौज सीट (Kannauj Lok Sabha Seat) से सांसद रह चुकी है लेकिन मैनपुरी (Mainpuri) से चुनाव लड़ने की वजह से वह एक बार फिर सुर्ख़ियों में हैं। समाजवादी पार्टी यह सीट अपने खाते में करना चाहती है।
प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक खानदान की बहू हैं डिंपल
अखिलेश यादव और डिंपल यादव दोनों ने आर्मी पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की है और यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़नी शुरू हुई थीं। डिंपल यादव ने 12वीं तक की पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने लखनऊ से बीकॉम किया। 44 साल की डिंपल यादव उत्तर प्रदेश की सबसे बड़े राजनीतिक खानदान यादव परिवार की बहू हैं। अखिलेश यादव और डिंपल के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) है।
मोदी लहर में हुई जीत लेकिन 2019 में हुआ हार से सामना
डिंपल यादव ने 2009 में फिरोजाबाद से उपचुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद कन्नौज से 2012 में उपचुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। साल 2014 में मोदी लहर के बावजूद कन्नौज से जीत दर्ज करने में कामयाब रहीं। हालांकि 2019 में कन्नौज से ही डिंपल यादव को हार का सामना करना पड़ा। अब वह मैनपुरी से चुनाव लड़ने जा रही हैं।
योगी सरकार में भी बढ़ी डिंपल यादव की संपत्ति
2019 लोकसभा चुनाव में चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के अनुसार, डिंपल यादव के पास 11 करोड़ की अचल संपत्ति और 26 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है। जबकि डिंपल यादव पर करीब 28 लाख रूपये का लोन है। 2009 में डिंपल यादव के पास करीब दो करोड़, 2012 में 9.03 करोड़ और 2014 में 28.05 की संपत्ति थी जो 2019 में बढ़कर 37 करोड़ से भी अधिक हो गई। मतलब सत्ता से बाहर रहने के बाद भी डिंपल यादव की संपत्ति लगातार बढ़ रही थी।
डिंपल यादव दो बार चुनाव हार चुकी हैं लेकिन इस बार वह ‘नेताजी’ के निधन से खाली हुई सीट से चुनाव लड़ने जा रही है। इससे समाजवादी पार्टी को फायदा मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। मैनपुरी की सीट पर 5 दिसंबर को वोटिंग होने वाली और 8 दिसंबर को चुनाव के नतीजे सामने आयेंगे। रामगोपाल यादव मैनपुरी उपचुनाव को लेकर बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा है कि बीजेपी बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन नतीजे आएंगे तो उसके ये सारे दावे हवा हो जाएंगे।