शादी का सीजन चल रहा है। ऐसे में अगर आप भी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। गौरतलब है कि शादी हर किसी की लाइफ के सबसे खास दिनों में से एक होता है। ऐसे में अपने इस खास दिन पर हर कोई सबसे खूबसूरत दिखना चाहते है।

इसके लिए खासकर होने वाली दुल्हन महीनों पहले से ही पार्लर के चक्कर लगाना और तमाम तरह के ब्यूटी ट्रीटमेंट लेना शुरू कर देती हैं। अगर आप भी ऐसा ही कुछ कर रही हैं, तो बता दें कि इन ट्रीटमेंट से अलग स्किन को नेचुरली ब्राइट और ग्लोइंग बनाने के लिए आप अपनी डाइट में कुछ खास चीजों को शामिल भी कर सकती हैं।

इसके लिए हाल ही में पोषण विशेषज्ञ दीपशिखा जैन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में न्यूट्रिशनिस्ट ने 5 ऐसी चीजों के बारे में बताया है, जिन्हें डाइट में शामिल करना होने वाली दुल्हन के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। आइए जानते हैं इनके बारे में-

एवोकाडो

लिस्ट में पहला नाम आता है एवोकाडो का। न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, ‘एवोकाडो में ग्लूटाथिओन की अच्छी मात्रा मौजूद होती है, जो स्किन को ब्राइट और ग्लोइंग बनाने में मदद करता है। ऐसे में आप रोज एक एवोकाडो खा सकती हैं।’

शकरकंद

सर्दी का मौसम आते ही बाजार में शकरकंद दिखना शुरू हो जाती हैं। वहीं, पोषण विशेषज्ञ इसे भी स्किन के लिए बेहद फायदेमंद बताती हैं। दीपशिखा जैन के मुताबिक, शकरकंद में बीटा कैरोटीन, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट बेहद अच्छी मात्रा में होते हैं, जो स्किन पर डार्क सर्कल्स और पिगमेंटेशन को कम करने में असर दिखाते हैं।’

नारियल पानी

अच्छी स्किन के लिए एक्सपर्ट रोज नारियल पानी पीने की सलाह देती हैं। इससे स्किन को मॉइस्चराइज और हाइड्रेटेड रखने में मदद मिलती है, जिससे भी त्वचा पर एक ग्लो बरकरार रहता है।

दही

दही में लैक्टिक एसिड अच्छी मात्रा में पाया जाता है। वहीं, न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं कि लैक्टिक एसिड स्किन को सॉफ्ट और स्मूद बनाने में मदद करता है।

अमरूद या विटामिन सी से भरपूर फल

इन सब से अलग दीपशिखा जैन विटामिन सी से भरपूर फल खाने की सलाह देती हैं। ‘विटामिन सी कोलेजन को बूस्ट करने में मदद करता है, जिससे भी स्किन पर ग्लो बरकरार रहता है और त्वचा हेल्दी बनी रहती है।’

इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- शादी से पहले दूल्हे अपनी स्किन का ख्याल कैसे रखें? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया सबसे सिंपल तरीका

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।