Anil Ambani: साल 2005 में जब मुकेश और अनिल अंबानी के बीच बंटवारा हुआ तो दोनों भाइयों को बराबर संपत्ति मिली। साल 2007 में अनिल अंबानी करीब 42 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक थे। वहीं, तब मुकेश अंबानी के पास 49 अरब डॉलर की प्रॉपर्टी थी। दोनों भाई अच्छा कर रहे थे। 2008 में तो अनिल अंबानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में छठवें में नंबर पर शुमार थे।

हालांकि दुनिया के बिलेनियर क्लब में शामिल रहे अनिल अंबानी की असल मुश्किल साल 2012 के बाद शुरू हुई। उनकी एक के बाद एक कंपनियां डूबती चली गईं और वो कर्ज के बोझ तले दबते चले गए। इसके ठीक उलट उनके बड़े भाई मुकेश अंबानी आगे बढ़ते रहे।

आखिर कहां हुई गलती?: अनिल अंबानी को करीब से जानने वाले और तमाम आर्थिक विशेषज्ञ कहते हैं कि उनकी इस हालत के पीछे फाइनेंशियल मिस-मैनेजमेंट (वित्तीय कुप्रबंधन) वजह है। बंटवारे के बाद उन्हें जो कंपनियां मिली थीं, उन पर ध्यान नहीं दिया बल्कि दूसरी जगहों पर पैसा निवेश करते रहे। यह घाटे का सौदा साबित हुआ। उधर, पहले से स्थापित कंपनियां डूबने लगीं और अनिल कर्ज के मकड़जाल में फंसते चले गए।

क्या है मौजूदा स्थिति?: अनिल अंबानी इस वक्त बुरी तरह कर्ज के मकड़जाल में फंसे हैं। उनकी कंपनियों पर कुल कर्ज बढ़कर 4200 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। हालांकि उन्होंने अपनी कुछ संपत्ति बेचकर कुछ कर्ज चुकता भी किया है। पिछले दिनों लंदन की एक अदालत में दिए बयान में बताया था कि अब वे सिर्फ एक कार में चलते हैं और गहने बेचकर वकीलों की फीस भर रहे हैं। उनका खर्च परिवार उठाता है। अनिल अंबानी ने कहा था कि अब उनकी नेटवर्थ जीरो है।

कमबैक की कर रहे हैं कोशिश: कर्ज के बोझ तले दबे अनिल अंबानी ने हार नहीं मानी है और कमबैक के लिए जी-जान से कोशिश कर रहे हैं। दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक वे दिन भर में 14 से 16 घंटे जी तोड़ मेहनत करते हैं। ताकि डूबती कंपनियों को बचाया जा सके। वे अब पहले से कहीं ज्यादा आध्यात्मिक भी हो गए हैं और अक्सर उन्हें तमाम मंदिरों आदि में देखा जाता है।

फिटनेस फ्रीक, शराब से तौबा: आपको बता दें कि अनिल अंबानी पूरी तरह शाकाहारी हैं और अपनी फिटनेस को लेकर बेहद सजग रहते हैं। वे हर दिन करीब 10 किलोमीटर दौड़ते हैं। साथ ही तमाम एक्सरसाइज भी करते हैं। इसके अलावा खानपान का भी बेहद ध्यान रखते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वे शराब आदि को हाथ भी नहीं लगाते हैं।