लोक आस्था और श्रद्धा का महापर्व छठ बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यह त्योहार सूर्य देव और छठी मइया को समर्पित है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कड़े नियमों का पालन करते हैं। इस बार छठ पूजा की शुरुआत 25 अक्टूबर, शनिवार से हो गई है।
दरअसल, छठ की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना होता है, जबकि तीसरे दिन व्रती शाम के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। चौथे यानी अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और इसी दिन छठ महापर्व का समापन हो जाता है। छठ पूजा में प्रसाद का भी खास महत्व होता है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि छठ में कौन-कौन सी रेसिपी बनाई जाती है।
कद्दू-भात से होती है छठ महापर्व की शुरुआत
छठ की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन लोग सात्विक भोजन के रूप में कद्दू-भात (Kaddu Bhat Recipe) बनाते हैं। इस प्रसाद को महिलाएं बनाती हैं और छठ माता को अर्पित करती हैं, फिर इसे ग्रहण करती हैं। इसे चावल, कद्दू, चना दाल और सरसों के तेल की मदद से बनाया जाता है।
छठ पर बनता है महाप्रसाद: Chhath Puja Mahaprasad
छठ का सबसे प्रसिद्ध प्रसाद ठेकुआ है, जिसे महाप्रसाद के नाम से भी जाना जाता है। ठेकुआ को बहुत साफ-सफाई से बनाया जाता है। यह गेंहू के आटे, सूखे नारियल और घी की मदद से तैयार किया जाता है। इसे घी या फिर रिफाइंड तेल में तला जाता है। इसे बनाना काफी आसान होता है।
रसिया
छठ पर रसिया भी बनाई जाती है। दरअसल, यह गुड़ की खीर होती है और इसमें चीनी की जगह गुड़ का उपयोग किया जाता है। इसे सामान्य खीर की ही तरह बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए चावल, दूध और गुड़ का प्रयोग किया जाता है।
