शकरकंद को सर्दियों का सुपरफूड कहा जाता है। इसका न केवल स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है, बल्कि शकरकंद खाने से सेहत को भी कई फायदे मिलते हैं। यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स इस सुपरफूड को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। अब, अधिकतर लोग इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि शकरकंद को छीलकर खाना ज्यादा फायदेमंद है या बिना छिलके के? या किस तरह शकरकंद खाने से आपको ज्यादा फायदे मिल सकते हैं? आइए एक्सपर्ट्स से जानते हैं इस सवाल का जवाब-

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

मामले को लेकर फेमस न्यूट्रिशनिस्ट दीपशिखा जैन ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में पोषण विशेषज्ञ बताती हैं, ज्यादातर लोग शकरकंद का छिलका उतारकर इसका सेवन करते हैं। जबकि इसे छिलके के साथ खाना ज्यादा फायदेमंद होता है। आइए जानते हैं कैसे-

क्यों खाना चाहिए शकरकंद का छिलका?

फाइबर

दीपशिखा जैन बताती हैं, कई लोग वेट लॉस के लिए शकरकंद खाते हैं क्योंकि इसमें फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है। फाइबर से भरपूर चीजें आपको लंबे समय तक पेट भरे होने का एहसास दिलाती हैं, इससे आप ओवरईटिंग नहीं करते हैं, आपका कैलोरी इंटेक कम होता है और इस तरह आपको वेट लॉस में मदद मिलती है।

हालांकि, आपको बता दें कि शकरकंद से ज्यादा इसके छिलके में फाइबर होता है। जब आप शकरकंद को छीलकर खाते हैं, तो इससे करीब 50 से 60 प्रतिशत फाइबर की मात्रा कम हो जाती है। ऐसे में शकरकंद को छीलें नहीं, बल्कि इसे अच्छी तरह धोकर, साफ कर छिलके के साथ ही इसका सेवन करें।

न्यूट्रिएंट्स

न्यूट्रिशनिस्ट आगे बताती हैं, ‘फाइबर की तरह ही शकरकंद की स्किन में बॉडी के लिए जरूरी पोषक तत्वों की मात्रा भी ज्यादा होती है। इसमें विटामिन ए, विटामिन सी, विटामिन ई, मैग्नीशियम, पोटैशियम, आदि पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ऐसे में शकरकंद को छीलकर खाने से आपको ये पोषक तत्व भी नहीं मिल पाते हैं।’

गट हेल्थ

इन सब से अलग दीपशिखा जैन गट हेल्थ के लिए भी शकरकंद को बिना छीले खाने की सलाह देती हैं। न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, ‘शकरकंद का छिलका गट में फायदेमंद बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करता है। ऐसे में भी इसे छिलके सहित खाना ज्यादा बेहतर होता है।’

उम्मीद है कि ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- 90% लोग नहीं जानते फल खाने का सही समय, एक्सपर्ट से समझें Sun Cycle के साथ इसकी साइंस