स्ट्रेस (Stress) और एंग्जाइटी (Anxiety) आजकल की तेज-तर्रार लाइफस्टाइल का अहम हिस्सा बन गई हैं। इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। हालांकि, इन तमाम कारणों के नतीजे लगभग सामान्य होते हैं। किसी भी बात का अधिक तनाव व्यक्ति को कई तरह से प्रभावित करता है। इससे न केवल व्यक्ति के मानसिक बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य पर भी बेहद खराब असर पड़ता है। ऐसे में तनाव को कंट्रोल करना बेहद जरूरी हो जाता है।

इसके लिए यहां हम आपको एक बेहद आसान ट्रिक बता रहे हैं। किसी बात का बहुत अधिक तनाव बढ़ने या एंग्जाइटी होने पर आप इस ट्रिक को अपना सकेत हैं। इससे आपको तुरंत मन को शांत करने में मदद मिलेगी, आप चीजों को बेहतर तरीके से समझ और हैंडल कर पाएंगे। आइए जानते हैं इसके बारे में-

स्ट्रेस को तुरंत कम करने के लिए अपनाएं ये ट्रिक

बता दें कि इसके लिए आपको केवल एक संतरे की जरूरत होगी। आपको जानकर हैरानी हो सकती है, संतरा न केवल अपने ताजगी भरे स्वाद और पोषक तत्वों की प्रचुरता के लिए जाना जाता है, बल्कि ये छोटा सा फल मानसिक स्वास्थ्य, खासकर स्ट्रेस और एंग्जाइटी को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आइए जानते हैं कैसे-

विटामिन सी

संतरे में विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है। विटामिन सी शरीर में कोर्टिसोल नामक तनाव हार्मोन के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे तनाव और चिंता के लक्षणों में कमी आती है। इसके अलावा ये इम्यूनिटी को बूस्ट करता है, जिससे बॉडी को तनाव के नकारात्मक प्रभावों से बेहतर तरीके से निपटने में मदद मिलती है।

पोटेशियम

संतरे में पोटेशियम की भी अच्छी मात्रा होती है, जो मस्तिष्क को ऊर्जा प्रदान करता है और न्यूरोट्रांसमीटर के संतुलन को बनाए रखने में मदद करता है। इससे मूड स्थिर रहता है और चिंता के लक्षणों में कमी आती है।

फाइटोन्यूट्रिएंट्स और फ्लेवोनोइड्स

संतरे में मौजूद फाइटोन्यूट्रिएंट्स और फ्लेवोनोइड्स एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होते हैं, जो ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में सहायक हैं। ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है। संतरे का सेवन इस प्रभाव को कम करने में मदद करता है।

सेरोटोनिन

संतरे के सेवन से सेरोटोनिन के स्तर में वृद्धि होती है, जो एक न्यूरोट्रांसमीटर है और मूड को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सेरोटोनिन के बढ़े हुए स्तर से व्यक्ति को शांति और संतुष्टि का अनुभव होता है, जिससे तनाव और चिंता के लक्षणों में कमी आती है।

खुशबू

हालांकि, इन तमाम कारणों से अलग संतरा केवल अपनी खुशबू की मदद से भी तनाव को तुरंत कम करने में मदद कर सकता है। दरअसल, संतरे में लिमोनेन जैसे यौगिक मौजूद होते हैं, जो अपनी स्ट्रेस रिलीविंग प्रॉपर्टीज के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में आप तनाव एंग्जाइटी की स्थिति में संतरे के सेवन के साथ-साथ इसके छिलकों को नाक के पास रखकर लंबी सांस ले सकते हैं। ये तरीका आपके मन को तुरंत शांत करने में असर दिखा सकता है।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- अच्छे मखाना की पहचान कैसे करें? Makhana खरीदते वक्त इन बातों का जरूर रखें ध्यान