खराब डाइट, बिगड़ते लाइफस्टाइल और तनाव के अलावा भी कई ऐसे कारण हैं जो महिलाओं में इनफर्टिलिटी के लिए जिम्मेदार हैं। महिलाओं में इंफर्टिलिटी की परेशानी तेजी से बढ़ रही है जिसमें फैलोपियन ट्यूब डिसऑर्डर से लेकर पॉलीसिस्टिक ओवेरियन सिंड्रोम तक महिलाओं में बांझपन का कारण हो सकते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन भी महिलाओं में इनफर्टिलिटी की वजह बनता है जिसके बारे में जानना और समझना बेहद जरूरी है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सच में बर्थ कंट्रोल पिल्स महिलाओं में बांझपन का कारण बनते हैं।

क्या गर्भनिरोधक गोलियां बांझपन का कारण बनती हैं?

सिटीजन स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट ओब्स्टेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट, इनफर्टिलिटी स्पेशलिस्ट डॉ अनीता कुन्नैया ने बताया कि महिलाओं को इस बात की जानकारी होना चाहिए कि गर्भ निरोधक गोलियां ओव्यलैशन को रोकती है ताकि अनचाही प्रेग्नेंसी से बचा जा सके। ये गोलिया प्रजन्न क्षमता को कोई नुकसान नहीं पहुंचाती।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित 2018 की एक रिपोर्ट में ये निष्कर्ष निकला था कि गर्भनिरोधक गोलियों का सेवन करने से महिलाओं की प्रजन्न क्षमता को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता। इन गोलियों का सेवन करने से महिलाओं की गर्भधारण करने की क्षमता पर किसी तरह का नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता।

महिलाओं को क्यों लगता है कि गर्भनिरोधक गोलियां इंफर्टिलिटी का कारण होती है?

एक्सपर्ट ने बताया कि कुछ महिलाओं को लगता है कि गर्भनिरोधक गोलियां इंफर्टिलिटी का कारण बनती है जबकि इस बात में कोई सच्चाई नहीं है। कुन्नैया के अनुसार महिलाओं की इस सोच के लिए कुछ एक कारण जिम्मेदार है। गर्भनिरोधक गोलियों से निकलने वाले हार्मोन ओव्यूलेशन को रोकते हैं और पीरियड को अपनी सामान्य स्थिति में वापस आने में कुछ समय लगता है।

सिटीजन स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, हैदराबाद की कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट राधिका बदनहट्टी ने बताया कि इन गोलियों का नियमित उपयोग पीरियड साइकिल को आंशिक रूप से प्रभावित करता है। जब महिलाएं गोलियां लेना बंद कर देती हैं तो पीरियड साइकिल को रीसेट होने में समय लगता है। पीरियड साइकिल में बदलाव होने से महिलाओं में ये गलत धारणा पैदा हो जाती है कि कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स का सेवन बांझपन का कारण बनता है। एक्सपर्ट ने बताया कि गोलियों का सेवन करने से पीरियड साइकिल में अनियामितता आ सकती है लेकिन वो इंफर्टिलिटी नहीं बढ़ाती।

अगर महिला गर्भनिरोधक गोली का सेवन करना बंद करना चाहती है तो क्या करें?

जब भी महिला प्रेग्नेंसी प्लान करना चाहती है वो गोली का सेवन करना बंद कर सतकी हैं। जिन महिलाओं को लगता है कि गोलियों को बंद करने के बाद उन्हें गर्भधारण करने में समय लग सकता है तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आपके शरीर को बर्थ कंट्रोल हार्मोन को क्लियर करने की जरूरत नहीं होती। एक्सपर्ट ने बताया कि दवाई का सेवन रोकने के एक से दो महीनों में आप कंसीव कर सकती हैं।