उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। बसपा ने भी गोलबंदी शुरू कर दी है। बसपा सुप्रीमो मायावती सोशल मीडिया के जरिये लगातार विपक्षी दलों पर हमलावर हैं। वो 2012 में राज्यसभा पहुंची थीं, लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया था।
राज्यसभा में नामांकन के वक्त मायावती ने अपने हलफनामे में संपत्ति का ब्यौरा भी दिया था। Myneta के मुताबिक, मायावती ने तब बताया था कि उनके पास सौ करोड़ से ज्यादा की संपत्ति थी। मायावती के साल 2012 के हलफनामे पर नज़र दौड़ाएं तो पता चलता है कि तब उनके पास 1 अरब 11 करोड़ 62 लाख 24 हजार 840 रुपए की कुल संपत्ति थी। इसमें उनके पास 10 लाख 20 हजार रुपए नकद थे।
जबकि उनके बैंक खातों में 13 करोड़ 95 लाख 14 हजार 450 रुपए की राशि थी। बीएसपी सुप्रीमो के पास कुल 1 करोड़ 5 लाख 85 हजार रुपए की ज्वेलरी थी। मायावती के नाम एक रिवॉल्वर थी, जिसकी कीमत 5,390 रुपए बताई गई थी। इन सभी चीजों के साथ-साथ मायावती के पास कुल 15 करोड़ 26 लाख 24 हजार 840 रुपए की चल संपत्ति भी थी।
दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रॉपर्टी: तब दिये ब्योरे के मुताबिक मायावती के पास कुल 96 करोड़ 38 लाख रुपए की प्रॉपर्टी थी। इसमें उनके पास दो प्रॉपर्टी दिल्ली के कनॉट प्लेस में थीं। इन दोनों प्रॉपर्टी की कीमत करीब 20 करोड़ रुपए बताई गई थी। साथ ही मायावती के पास दिल्ली और लखनऊ में एक-एक मकान भी थे। जिनकी कीमत करीब 77 करोड़ रुपए थी। मायावती ने एसपी मार्ग वाले मकान को 54 करोड़ 80 लाख रुपए का खरीदा था, जिसकी कीमत बढ़कर करीब 61 करोड़ रुपए हो गई थी।
साथ ही मायावती के नाम पर रजिस्टर दिल्ली के कनॉट प्लेस की एक प्रॉपर्टी को उन्होंने 2 करोड़ 5 लाख रुपए में खरीदा था। जबकि दूसरी प्रॉपर्टी को करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपए का खरीदा गया था। दोनों ही प्रॉपर्टी की कीमत करीब 7 साल में बढ़कर कुल 18 करोड़ 84 लाख रुपए तक पहुंच गई थी।
कर्ज भी बताया था: तब दी जानकारी के मुताबिक मायावती के ऊपर 87 लाख 68 हजार 724 रुपए का कर्ज था। इसमें बाटा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का मायावती के पास 38 लाख 70 हजार 900 रुपए का कर्ज था। जबकि वीसी सॉल्यूशन का 48 लाख 97 हजार 824 रुपए का कर्ज था। यानी कुल करीब 88 लाख रुपए की देनदारी थी।