M.S. Dhoni Fitness: महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं लेकिन उनके शॉर्ट्स और फिटनेस का हर कोई दीवाना है। धोनी के लिए एक बात कही जाती है कि फिट रहने के लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती है। धोनी आज भी फील्ड पर उतने ही चुस्त-दुरुस्त और फूर्ति के साथ गेंद को लपकते हैं। धोनी की इस एवरलास्टिंग फिटनेस के पीछे उनकी खास डाइट और एक्सरसाइज रूटीन का कमाल है। धोनी समय-समय पर अपने फैंस के लिए इंस्टाग्राम और ट्विटर पर कुछ एक्सरसाइज वीडियोज शेयर करते रहते हैं। आप भी इन आदतों को अपनाकर कैप्टन कूल की तरह फिट रह सकते हैं। आइए जानते हैं –
खानपान की ये आदतें बीमारियों को करेंगी बोल्ड:
घर का बना खाना: इस बात से तो हर कोई परिचित है कि स्वाद और सेहत में घर के खाने का मुकाबला कोई दूसरा नहीं कर सकता है।इसलिए अपनी डाइट में घर के खाने को शामिल करें।
ब्रेड: साबुत अनाज से बने ब्रेड में भरपूर मात्रा में फाइबर्स होते हैं । जो आपको हृदय रोग ,मधुमेह ,उच्च रक्तचाप, पेट कैंसर और मोटापा जैसी बीमारियों से दूर रखते हैं। ब्रेड और फाइबर युक्त भोजन सुपाच्य भी होता है।
चिकन: चिकन प्रोटीन, फॉस्फोरस और कैल्शियम का अच्छा स्रोत माना जाता है। यह आपकी हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है, साथ ही मेटाबॉलिज्म ठीक करता है। अगर आप शाकाहारी है तो चिकन की जगह दूसरे प्रोटीन उत्पाद और सोयाबीन जैसी चीजों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
डेयरी प्रोडक्ट्स: महेंद्र सिंह धोनी को दूध-दही जैसे डेयरी उत्पाद भी खासा पसंद हैं। इनके सेवन से आपको भरपूर मात्रा में विटामिन, कैल्शियम और दूसरे पोषक तत्व मिलते हैं जो शरीर के विकास के लिए बहुत जरूरी होते हैं।
प्रोटीन शेक और एनर्जी जूस: प्रोटीन शेक, एनर्जी जूस और पानी जैसे पेय पदार्थ आप को हाइड्रेटेड रखने का काम करते हैं। इन पदार्थों का सेवन आपको दिनभर तरोताजा रखता है।
एक्सरसाइज शरीर को रखेगा फिट: धोनी नियमित रूप से रनिंग, स्क्वैट्स, वन लेग डेडलिफ्ट और डंबल चेस्ट प्रेस जैसे एक्सरसाइज की मदद से खुद को इतना फिट रखते हैं। ये मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत बनाती हैं। शरीर को स्ट्रेंथ देने के साथ ही बॉडी को टोन करने में भी मददगार हैं ये व्यायाम। वन लेग डेडलिफ्ट कंधे व मांसपेशियों के बीच तालमेल बिठाने में मदद करता है। साथ ही इससे शरीर का बैलेंस भी बना रहता है। वहीं, डंबल चेस्ट प्रेस शरीर के ऊपरी हिस्से को मजबूती प्रदान करती है।

