आज के समय में भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव और चिंता की समस्या आम हो गई है। ऑफिस का प्रेशर हो या फिर घर की जिम्मेदारी, हर कोई तनाव और चिंता से परेशान रहता है। ऐसे में इन सब से मुक्त होने के लिए योग और प्राणायाम एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है। आप दिमाग को शांत करने के लिए भ्रामरी प्राणायाम भी कर सकते हैं, इससे मानसिक शांति मिलती है।

भ्रामरी प्राणायाम से मिलती है मानसिक शांति

भ्रामरी प्राणायाम करने से मन तुरंत शांत हो जाता है। इस प्राणायाम को करने से एकाग्रता बढ़ती है। अगर आप छात्र हैं तो आपको हर रोज इस प्राणायाम को जरूर करना चाहिए। इसे करने से पढ़ाई में मन लगा रहता है। इस एक्सरसाइज को करने से माइग्रेन और सिरदर्द जैसी गंभीर समस्याओं से भी राहत मिलती है।

भ्रामरी प्राणायाम कैसे करें?

भ्रामरी प्राणायाम करने के लिए सबसे पहले आप सुखासन या पद्मासन में बैठ जाएं। इसे करने के लिए शांत जगह का चयन करें। अब आंखें बंद करें और दो लंबी सांस लें और छोड़ें। शरीर को रिलैक्स करते हुए दोनों हाथों की तर्जनी से अपने कानों को हल्का दबाएं। अब मधुमक्खी जैसी ध्वनि निकालें। मुंह बंद रखते हुए हम्म्म्म की साउंड निकालें। इसे 5-10 बार तक धीरे-धीरे कर सकते हैं।

भ्रामरी प्राणायाम करने के फायदे

  • मन को शांत और एकाग्र करता है, जिससे याददाश्त भी बढ़ती है।
  • भ्रामरी प्राणायाम करने से माइग्रेन और सिरदर्द की समस्या से राहत मिलती है।
  • ब्लड प्रेशर नियंत्रण में रहता है।
  • मस्तिष्क और नसों को रिलैक्स करता है।
  • डिप्रेशन वाले लोगों को इसे ज़रूर करना चाहिए। इसे करने से नकारात्मक विचार कम होते हैं।
  • भ्रामरी प्राणायाम करने से ध्यान में गहराई आती है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।