सर्दियों की शुरुआत के साथ ही हमारे आसपास भी कई बदलाव होने लगते हैं। बदलते मौसम में एक ओर जहां लोग अपनी सेहत और खानपान का अधिक ख्याल रखते हैं, तो वहीं कुछ अपने पहनावे और लुक पर भी खास ध्यान देते हैं। ऐसे में अगर आप भी इस विंटर सीजन सबसे स्टाइलिश और फैशनेबल दिखना चाहते हैं, तो इस बार आप जूतों की जगह बूट्स को अपने कलैक्शन में शामिल कर सकते हैं। लॉन्ग कोट, जींस और उसके ऊपर फैशनेबल बूट्स आपके गेट अप को एक नया ही लुक दे देते हैं। अधिक कमाल की बात यह है कि जूतों से अलग बूट्स में आपको कई तरह वैरायटी भी मिल जाती है। आप एंकल से लेकर थाई हाई, नी या मिड लैंथ, हर तरह के बूट्स को चुन सकते हैं।

वहीं, अगर आप भी इस बार कुछ अलग दिखना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। यहां हम आपको दिल्ली की 4 ऐसी मार्केट्स बता रहे हैं जहां आपको बेहद सस्ते दाम पर अच्छे और स्टाइलिश बूट्स मिल जाएंगे। आइए जानते हैं इनके बारे में-

चोर बजार

बता दें कि चोर बजार को लैदर वंडरलैंड कहा जाता है। यहां आपको बेहद सस्ते दाम पर लैदर बूट्स की वैरायटी का भंडार मिल जाएगा। हालांकि, इसके लिए आपको मार्केट में सुबह जल्दी पहुंचना पड़ेगा। दोपहर होते-होते चोर बजार में भीड़ अधिक बढ़ जाती है।

सरोजिनी नगर

सरोजिनी नगर में भी आपको सस्ते और एक से बढ़कर एक बूट्स मिल जाएंगे। इतना ही नहीं, सरोजिनी नगर में आपको ब्रांडेड बूट्स की फर्स्ट कॉपी भी चीप रेट्स में मिल जाती हैं। यहां बूट्स की 10 से भी अधिक दुकाने हैं, ऐसे में हर जगह देख परख कर आप अपने लिए बेस्ट चुन सकते हैं।

पहाड़गंज

पहाड़गंज में छोटी-छोटी गलियों में कई फुटवियर शॉप मौजूद हैं। इन दुकानों पर जाते ही आपको शेल्फ में एक से एक बूट्स दिखने को मिल जाएंगे। वहीं, आपको हील्स पसंद हों या फ्लैट पहाड़गंज में आपको हर तरह के बूट्स काफी सस्ते में मिल जाएगें।

लाजपत नगर

इन सब के अलावा दिल्ली के लाजपत नगर में भी आपको सस्ते और अच्छे बूट्स की एक से एक वैरायटी देखने को मिल जाएगी। साथ ही यहां आप खूब बार्गेनिंग भी कर सकते हैं। यही नहीं स्टाइलिश दिखने के लिए आपको यहां विंटेज बूट्स भी बेहद कम रेंज में मिल जाएंगे।