Yoga Tips for Belly Fat: पेट की बढ़ती चर्बी आज के समय में पूरी दुनिया में एक आम समस्या बन गई है। यह लुक्स को तो बिगाड़ती ही है, साथ ही साथ कई तरह की बीमारियों का कारण भी बनती है। दरअसल, गलत खानपान, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और एक ही जगह पर घंटों बैठे रहने से पेट पर फैट तेजी से जमा होने लगता है।
वहीं, पेट की बढ़ती चर्बी को कम करने के लिए लोग तरह-तरह के उपायों को फॉलो करते हैं। वहीं, योग गुरु बाबा रामदेव ने भी बेली फैट को कम करने के लिए कुछ आसान योगासनों के बारे में बताया है, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।
पवनमुक्तासन
बाबा रामदेव के मुताबिक, पेट की चर्बी घटाने के लिए पवनमुक्तासन एक बेहद असरदार योगासन है। इस आसन को रोज करने से पेट में जमी गैस को बाहर निकलने में मदद मिलती है और पाचन भी बेहतर होता है।
कैसे करें पवनमुक्तासन?
पवनमुक्तासन करने के लिए सबसे पहले योगा मैट बिछाकर पीठ के बल लेट जाएं। इसके बाद दोनों पैरों को मोड़ते हुए घुटनों को छाती की ओर लाएं और हाथों से पकड़ लें। अब धीरे-धीरे सिर उठाकर घुटनों से छूने की कोशिश करें। शुरुआत में इस आसन को 20 से 30 सेकंड तक करें और फिर धीरे-धीरे समय बढ़ाएं।
उत्तान पादासन
बाबा रामदेव के अनुसार, नाभि के आसपास की चर्बी कम करने के लिए उत्तान पादासन एक अच्छा योगासन है। इसे करने के लिए पीठ के बल लेटकर दोनों पैरों को एक साथ सीधा ऊपर उठाएं। अब इसे 15-20 सेकंड तक रोकें और फिर धीरे-धीरे नीचे लाएं। इसे 3-5 बार दोहराया जा सकता है।
पद्म उत्तान मयूरासन
पद्म उत्तान मयूरासन पेट की चर्बी घटाने के लिए एक प्रभावशाली योगासन माना जाता है। इसके नियमित अभ्यास से पाचन तंत्र बेहतर रहता है। यह मेटाबॉलिज्म को भी मजबूत बनाता है।
इस आसन को करने के लिए सबसे पहले पद्मासन में बैठ जाएं। इसके बाद दोनों हथेलियों को घुटनों के पास ज़मीन पर टिकाएं। अब धीरे-धीरे हाथों पर दबाव बनाते हुए पैरों समेत पूरे शरीर को ऊपर उठाने की कोशिश करें। ठोड़ी को छाती से सटाकर शरीर का संतुलन बनाए रखें और इस मुद्रा को कुछ समय तक होल्ड करें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
