मथुरा के एक आश्रम में हाथी पर बैठकर योग सिखाते समय योग गुरु बाबा रामदेव बैलेंस बिगड़ने से गिर पड़े। इससे आश्रम में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्हें कोई चोटें नहीं आईं और वे सामान्य हैं। घटना का वीडियो वायरल होने से लोगों और समर्थकों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
मथुरा के गोकुल रमणरेती स्थित शरणानंद आश्रम में बाबा रामदेव संतों के साथ थे। इस दौरान सोमवार सुबह वह आश्रम के संतों को योग सिखाने के लिए पहुंचे। बाबा रामदेव कुछ नया करने के लिए आश्रम के एक हाथी पर सवार हो गए और योग का अभ्यास बताने लगे। जब वे भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कर रहे थे, तभी अचानक हाथी हिलने-डुलने लगा। इससे वे असंतुलित हो गए और नीचे आ गिरे। इससे वहां हड़कंप मच गया। आश्रम के लोग फौरन उनके पास पहुंचे, हालांकि बाबा रामदेव को कोई चोटें नहीं आईं और वे बिल्कुल सामान्य हैं।
And here is Baba Ramdev performing yoga on Elephant in UP.. Visuals says it all… #Ramdev pic.twitter.com/dCqtvWOqTE
— Anubhav Khandelwal (@_anubhavk) October 13, 2020
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। 22 सेकेंड के इस वीडियो मेंं साफ दिख रहा है कि बाबा रामदेव हाथी के ऊपर बिना किसी सहारे या सुरक्षा के पैरों को मोड़कर बैठे योग सिखा रहे हैं। इस दौरान हाथी हिलता-डुलता है। शुरू में बाबा स्वयं को सहज कर लेते हैं लेकिन दोबारा जब हाथी तेजी से हिलता है तो उनका बैलेंस बिगड़ जाता है औ वह असंतुलित होकर गिर पड़ते हैं। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी तुरंत उन्हे उठाए तो वे सहज भाव में सामान्य रूप से धूल झाड़ते हुए आश्रम के लोगों की तरफ मुस्कुराते हुए बढ़ जाते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बाबा रामदेव बिल्कुल स्वस्थ और सामान्य हैं। उन्हें कोई चोटें नहीं आई हैं। मंगलवार को वे दिल्ली में थे। वायरल वीडियो और घटना को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चाएं हो रही हैं।