Ayushmann Khurana: पिछले 1 महीने से पूरे देश में लॉकडाउन है। आम से लेकर खास, हर कोई अपने घर में रह कर हर दिन कुछ नया और क्रिएटिव करने की कोशिश कर रहे हैं। कुकिंग से लेकर फिटनेस चैलेंज तक, समय बिताने के लिए लोग घर बैठे कई तरीके अपना रहे हैं। फिल्मी सितारे भी इन दिनों अपने घर पर ही समय बिता रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिये अपने फैन्स से रूबरू हो रहे हैं। एक्टर आयुष्मान खुराना भी लॉक डाउन में अपना पूरा समय फैमिली के साथ बिता रहे हैं। इस बीच, वो सोशल मीडिया पर आए दिन अपनी कविताएं पढ़ते हुए भी नजर आ जाते हैं।
हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर में आयुष्मान एक ड्रिंक पीते नजर आ रहे हैं, जिसका सुझाव देने के लिए वो न्यूट्रिशन एक्सपर्ट ल्यूक कॉटिन्हो को शुक्रिया अदा कर रहे हैं। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आयुष्मान द्वारा साझा किए गए इस फोटो में वो सत्तू छाछ पी रहे हैं। इसके बारे में वो कैप्शन में लिखते हैं कि सत्तू पाउडर और छाछ को मिक्स करके बनाई गई ये ड्रिंक एक प्राकृतिक और असरदार प्रोटीन शेक है। आइए जानते हैं क्या है इस ड्रिंक की खासियत-
सत्तू छाछ है एक नैचुरल प्रोटीन शेक: सेहत का खजाना माना जाने वाला सत्तू कई पौष्टिक तत्वों से भरपूर है। जौ, चना या मकई को हल्का भुनकर पीस लेने से सत्तू बनाया जाता है। गर्मियों के मौसम में सत्तू की डिमांड काफी ज्यादा बढ़ जाती है। चने से बनने वाले सत्तू में काफी मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। कई लोग इसका इस्तेमाल अलग-अलग तरीके से करते हैं। वहीं, बटर मिल्क यानि कि छाछ भी प्रोटीन का बेहतर स्रोत माना जाता है। इसके अलावा, इसमें गुड बैक्टीरिया और लैक्टिक एसिड पाया जाता है, जो आपको गर्मी में होने वाली कई समस्याओं से राहत दिलाने में सक्षम है।
सत्तू छाछ बनाने में होगी इन चीजों की जरूरत:
जौ चने का सत्तू – 1/2 कटोरी
छाछ- 2 गिलास
बारीक कटा प्याज – 1
बारीक कटी हरी मिर्च – 2
धनिया पत्ता – 1 चम्मच
करीपत्ता – 5
तेल – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
चुटकी भर राई
ये है बनाने की विधि: एक बर्तन में छाछ डालें और उसमें नमक व सत्तू पाउडर को अच्छे से मिलाएं ताकि उसमें कोई भी लम्प न रह जाए। अब गैस पर कड़ाही में तेल गर्म करके राई व करीपत्ता डालें। जब राई व करीपत्ता चटकने लगे तब इसमें कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च भी डाल कर हल्का भुन लें। फ्राई होने के बाद इसे झट से छाछ और सत्तू के मिक्सचर में मिलाएं। लगभग आधे घंटे के लिए इस ड्रिंक को फ्रिज में रख दें। अंत में इसे निकाल कर ठंडा-ठंडा सर्व करें।
