Weight Loss Tips: कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए गए इस लॉकडाउन में आपको खुद के ऊपर वर्क करने का बेहतरीन समय मिल रहा है। इन 21 दिनों में जहां कुछ लोग अपने आलस और सुस्ती के कारण मोटापा से ग्रसित हो सकते हैं, वहीं कई लोग स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर अपने हेल्थ को बेहतर भी बना सकते हैं। ज्यादा वजन से न केवल आपके आत्मविश्वास में कमी आती है, बल्कि इससे कई बीमारियों को बुलावा मिलता है। ऐसे में वजन का नियंत्रित रहना बहुत जरूरी है। घर में रहकर आप कई घरेलू खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल कर सकते हैं जो वजन घटाने में लाभकारी है। इन्हीं में से एक है आंवला जो कि विटामिन सी से भरपूर होता है। आइए जानते हैं कैसे करें इसका सेवन-
वजन घटाने में मददगार है आंवला: रोजाना आंवला खाने से शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। इसमें मौजूद प्रोटीन मेटाबॉलिज्म को मजबूत बनाने में मदद करता है जिससे शरीर में जमा एक्सट्रा फैट कम हो जाता है। इसके अलावा, आंवला में हाइपोलिपिडेमिक गुण भी होते हैं जो फैटी लिवर और कोलेस्ट्रॉल से जुड़े लक्षणों को कम करने और मोटापा को रोकने में असरदार है। साथ ही साथ, ये आपके शरीर के वजन को बेहतर ढ़ंग से मैनेज करने की दिशा में भी कार्य करता है।
कैसे करें इस्तेमाल: आंवला खाने में कापी खट्टा लगता है, इसलिए कई लोग इसे खाने से परहेज करते हैं। लेकिन आप आंवले के जूस का सेवन कर सकते हैं। इसे पीने से वजन तो कम होता ही है, साथ ही कमजोरी जैसा महसूस भी नहीं होता है। दो चम्मच (10 ग्राम) आंवले के रस का रोजाना सेवन किया जा सकता है। रोजाना शरीर को डिटॉक्स करने के लिए खाली पेट आंवले के रस का सेवन किया जा सकता है। पर कई बार इससे एसिडिटी भी हो जाती है, इसलिए एक हिस्सा जूस और तीन हिस्से पानी को मिलाकर इसका सेवन करें। इसके अलावा, कई लोग आंवले का मुरब्बा खाना भी पसंद करते हैं। हर दिन सुबह-सुबह इसे खाने से शरीर को ऊर्जा और ताकत मिलती है।
ये भी हैं फायदे: आंवले में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट शरीर को कई बीमारियों से दूर रखता है। साथ ही साथ, इसमें एंटी-कैंसर गुण भी होता है। एक शोध के अनुसार, आंवला कैंसर कोशिकाओं के विकास को रोकता है। इसके अलावा, हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए भी आंवला फायदेमंद होता है। आंवले के पाउडर को शहद के साथ मिलाकर खाने से राहत मिलती है। आंखों की रौशनी बढ़ाने में भी आंवला मदद करता है। इसके नियमित सेवन से मोतियाबिंद व रतौंधी जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है। स्किन और बालों के लिए भी आंवला का सेवन फायदेमंद साबित होता है।