Tejashwi Yadav Lifestory: बिहार में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। 10 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे। ज्यादातर एग्जिट पोल बिहार में महागठबंधन की सरकार बनते दिखा रहे हैं। एग्जिट पोल के अनुसार तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री बनते नजर आ रहे हैं। हालांकि, राजनीति तेजस्वी यादव की पहली पसंद नहीं है। राजनीति में आने से पहले तेजस्वी यादव क्रिकेट में भी हाथ आजमा चुके हैं। उन्होंने दिल्ली के आरकेपुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की है। इतना ही नहीं दिल्ली के वसंत वैली स्कूल में तेजस्वी का दाखिला भी नहीं हो पाया था। उन्हें क्रिकेट इतना पसंद था कि उन्होंने दसवीं की पढ़ाई छोड़कर क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था।
विराट कोहली के साथ क्रिकेट खेले हैं तेजस्वी: लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव दिल्ली की अंडर-19 टीम में भारत के मौजूदा कप्तान विराट कोहली के साथ खेल चुके हैं । तेजस्वी यादव मध्यक्रम के बल्लेबाज हैं। इसके अलावा तेजस्वी यादव झारखंड के लिए रणजी क्रिकेट भी खेल चुके हैं। वो चार सीजन आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम का हिस्सा भी रहे हैं पर उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। ज्यादा सफलता ना मिलने के बाद 2012 में तेजस्वी यादव क्रिकेट छोड़कर राजनीति में आ गए।
हालांकि उन्होंने 2010 विधानसभा चुनाव में भी आरजेडी के लिए प्रचार किया था। तेजस्वी यादव ने 2014 लोकसभा चुनाव में भी आरजेडी के प्रत्याशियों के लिए खूब प्रचार किया था।
लालू के राजनीतिक उत्तराधिकारी हैं तेजस्वी: बड़े बेटे तेजप्रताप पर तरजीह देते हुए लालू प्रसाद यादव ने तेजस्वी को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी चुना है। लालू प्रसाद यादव के चारा घोटाले में जेल जाने के बाद से तेजस्वी आरजेडी का कामकाज देख रहे हैं। 2015 विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे और इसके बाद उन्हें नीतीश कुमार की सरकार में बिहार का उप मुख्यमंत्री बनाया गया था। 2020 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव ही महागठबंधन और आरजेडी का चेहरा हैं।
संपत्ति को लेकर भी विवादों में रहे हैं तेजस्वी: 2017 में नीतीश के साथ गठबंधन टूटने के बाद होटल की जमीन घोटाले को लेकर सीबीआई ने तेजस्वी पर केस दर्ज भी किया था। इसके अलावा भाजपा लगातार तेजस्वी की संपत्ति को लेकर सवाल उठाती रही है।
