कुछ लोगों के लिए उगता सूरज और ढलती शाम देखना किसी खुशी से कम नहीं होता। ऐसे लोग ऐसी जगहों को खोजते रहते हैं जहां वो सनराइज और सनसेट देखने जा सकें। इसके लिए वो अलग-अलग शहरों से लेकर पूरे विश्व तक के खूबसूरत सनसेट और सनराइज प्वाइंट्स देखने पहुंच जाते हैं। अगर आप इन्हीं लोगों में से एक हैं और दिल्ली-नोएडा में रहते हैं तो आपके लिए ही हैं ये 7 जगह। खास बात ये है कि ये सभी दिल्ली में हैं तो आपको बस वक्त निकालना है और इन जगहों पर खूबसूरत सुबह और ढलती शाम को निहारने पहुंच जाना है। तो, जानते हैं इन जगहों के बारे में।

दिल्ली में यहां देखें खूबसूरत सुबह और ढलती शाम-7 Sunrise sunset points in delhi

ओखला बर्ड सेंचुरी-Okhla Bird Sanctuary

अगर आप नदी के पास उगते सूरज और ढलती शाम को देखना चाहते हैं तो आप ओखला बर्ड सेंचुरी जा सकते हैं। दिल्ली और नोएडा की सीमाओं के बीच, यमुना के तट पर स्थित, ओखला बर्ड सेंचुरी नाव की सवारी के लिए भी उपयुक्त है। साथ ही यहां आपको कई प्रकार के पक्षी भी देखने को मिल जाएंगे। तो सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक आप यहां सोमवार से रविवार के बीच किसी भी दिन जा सकते हैं।

यमुना घाट-Yamuna Ghat

यह घाट कश्मीरी गेट में स्थित है। आप यहां बोटिंग करते हुए एक खूबसूरत सुबह और शाम देख सकते हैं। यहां प्रवासी पक्षी चारों ओर घूमते हैं जो इसे वास्तव में एक अवास्तविक अनुभव बनाता है। तो, शुक्रवार और शनिवार को सुबह 7:00 बजे से रात 9 बजे तक आप यहां जा सकते हैं।

हौज़ खास का डियर पार्क-Deer Park At Hauz Khas

हौज खास न केवल अपने क्लबों, बारों और खूबसूरत कैफे के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि ऐतिहासिक स्मारकों और हरे-भरे डियर पार्क के लिए भी फेमस है। आप यहां सुबह 5 बजे जा सकते हैं और ये रात 8 बजे तक खुला रहता है। यहां तक कि आप उगते हुए सूरत का आनंद ले सकते हैं तो शाम को डूबते सूरज के साथ एक यादगार दिन भी बिता सकते हैं।

इंडिया गेट-India Gate

इंडिया गेट आप भले ही कितनी बार भी क्यों न गए हों पर अगर आपने यहां उगता हुआ सूरज नहीं देखना या डूबती हुई शाम नहीं देखी तो कुछ नहीं देखा। तो इस बार आप इंडिया गेट जरूर जाएं।

संजय वन-Sanjay Van

दिल्ली में बसा यह जंगल एक पिकनिक स्थल के रूप में काफी फेमस है। यहां आप सुंदर सूर्योदय और सूर्यास्त का शानदार दृश्य देखने जा सकते हैं। संजय वन न्यू महरौली रोड, कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया में पड़ता है। आप यहां सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे के बीच में जा सकते हैं।

दमदमा लेक-Damdama Lake

अलवर रोड, गुड़गांव के पास है ये दमदमा लेक। ये अरावली पहाड़ियों के पीछे चल रही शांत झील है। आप के परिवार, दोस्तों या यहां तक ​​कि प्रेमी के साथ भी यहां एक सुंदर सूर्योदय और सूर्यास्त देखने जा सकते हैं।

जंबो पॉइंट-Jumbo Point, Dwarka

जंबो पॉइंट पर आप फ्लाइट के टेक ऑफ और लैंडिंग के दौरान गति पकड़ते हुए देख सकते हैं। पर कुछ लोग यहां सुंदर सूर्योदय और सूर्यास्त देखने आते हैं। तो, अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिन्हें खूबसूरत सुबह और ढलती शाम देखने में मजा आता है तो इन जगहों पर जा सकते हैं।