आज बच्चों से लेकर बड़ों तक का अधिकतर समय मोबाइल या लैपटॉप की स्क्रीन के सामने गुजर रहा है। ऐसे में हमारी आंखों को थोड़ी अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। आंखों की रोशनी कमजोर न पड़े, इसके लिए एक्सपर्ट्स स्क्रीन टाइम को कम करने, पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लेने और 8 से 9 घंटे की नींद लेकर आंखों को आराम देने की सलाह देते हैं। वहीं, इन सब से अलग योग भी आपकी आंखों की रोशनी को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकता है।

बता दें कि कुछ खास योगासन का अभ्यास आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करने, फोकस में सुधार करने हैं और आंखों पर पड़ रहे तनाव को कम करने में असर दिखा सकता है, जिससे आंखों की रोशनी को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है। इसी कड़ी में यहां हम आपको 3 ऐसे ही योगासन के बारे में बता रहें हैं, जिन्हें नियमित तौर पर करने से बुढ़ापे तक आइसाइट को ठीक रखने में मदद मिल सकती है।

आंखों की रोशनी को बेहतर बनाने के लिए करें ये योगासन-

त्राटक

त्राटक, ध्यान लगाने की एक प्राचीन तकनीक है। इस योगासन का अभ्यास आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करता है और आंखों की नसों में खून का संचार बढ़ाता है। इतना ही नहीं, नेत्र चिकित्सा में भी आंखों को आराम देने और तनाव को कम करने के लिए इस योगासन को करने की सलाह दी जाती है।

कैसे करें त्राटक आसन?

  • त्राटक का सीधा मतलब होता है किसी खास चीज को टकटकी लगाकर देखना। ऐसे में इस आसन को करने के लिए सबसे पहले किसी शांत और अंधेरी जगह को चुनें।
  • अपने सामने एक दीपक या मोमबत्ती को जलाकर रख लें।
  • अब, कमर सीधी कर दिमाग को शांत करके बैठ जाएं।
  • इसके बाद अपना पूरा ध्यान जलती हुई लौ पर टिका लें।
  • आपको अपनी नजर केवल जलती हुई लौ पर रखनी है।
  • आप लगातार 1 से 2 मिनट इस स्थिति में बैठकर ध्यान लगा सकते हैं।

पामिंग

जर्नल ऑफ योगा की एक रिसर्च के मुताबिक, आंखों की रोशनी को तेज करने फोकस बेहतर बनाने के लिए पामिंग योगासन का अभ्यास बेहद मददगार हो सकता है। पामिंग का अभ्यास करने से आंखों के तनाव को कम करने में मदद मिलती है, आंखों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं, साथ ही आंखों में ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है।

कैसे करें पामिंग?

  • इसके लिए रोज सुबह सोकर उठने के बाद शांत होकर बैठ जाएं।
  • अब, अपनी दोनों हथेलियों को आपस में तेज-तेज रगड़ें।
  • ऐसा करने पर जब हथेलियां गर्म हो जाएं तब आंखें बंद करें और हाथों को आंखों के ऊपर रखकर हल्का दवाब बनाएं।
  • आप 5 से 6 बार इस तरीके को आजमा सकते हैं।

मकर मुद्रा

इन सब से अलग मकर मुद्रा का नियमित अभ्यास भी आंखों के आसपास ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाकर आंखों को आराम देने में मददगार माना जाता है। ऐसे में इन मुद्रा को करने से भी आंखों की रोशनी को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।